अनिल मिश्र / पटना
बिहार में लोकसभा चुनाव कराने में खर्च हो गए 824 करोड़ रुपए
इस वर्ष पूरे देश में हुए लोकसभा चुनाव में अकेले बिहार में लोकसभा चुनाव 2024 कराने में 824 करोड़ रुपए खर्च हो गए, जो पिछले पांच साल की तुलना में 244.58 करोड़ रुपए ज्यादा है। लोकसभा 2019 का चुनाव कराने में 579.42 करोड़ खर्च हुआ था। इस बार के चुनाव में 77,462 बूथों पर मतदान हुआ। वाल्मीकिनगर और पश्चिम चंपारण लोकसभा क्षेत्र के चुनावी खर्च को छोड़कर शेष 38 लोकसभा क्षेत्र के 234 विधानसभा क्षेत्रों पर औसतन 2.92 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। दो लोकसभा क्षेत्रों को नौ विधानसभा क्षेत्रों के चुनावी खर्च आने पर राशि में और वृद्धि हो जाएगी।
कर्तव्य पथ पर आठ साल बाद दिखेगी बिहार की झांकी
देश की राजधानी दिल्ली में इस बार के गणतंत्र दिवस समारोह में बिहार की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रहेगी। इस झांकी में राज्य की समृद्ध ज्ञान और शांति की परंपरा को प्रदर्शित किया गया है, जिसमें नालंदा की प्राचीन विरासत और उसके संरक्षण के प्रयासों को दर्शाया गया है। झांकी में भगवान बुद्ध की मूर्ति के साथ घोड़ा कटोरा झील को इको टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित करने के प्रयासों को भी दर्शाया गया है। इसके अलावा झांकी में शामिल बोधिवृक्ष इस बात का संदेश दे रहा है कि इसी धरती से ज्ञान का प्रकाश संपूर्ण विश्व में फैला है।
भागलपुर के बदहाल बहादुरपुर को स्मार्ट गांव बनाने का काम जोरों पर
प्रगति यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 1 फरवरी को भागलपुर आने वाले हैं। मुख्यमंत्री भागलपुर में करोड़ों रुपए की योजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। सीएम नीतीश सबौर प्रखंड की बरारी पंचायत अंतर्गत बहादुरपुर भी आएंगे। सीएम बहादुरपुर उच्च विद्यालय परिसर भी आएंगे। सीएम के आगमन को लेकर बहादुरपुर को संवारने का काम जोर-शोर से चल रहा है। बदहाल, बहादुरपुर को स्मार्ट विलेज बनाने की तैयारी में अधिकारी जुटे हुए हैं।
महंत की उसी के घर में मिली लाश…परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
बिहार के बेतिया मे एक महंथ की उनके अर्द्ध निर्मित मकान में लाश मिली। परिजनों का कहना है कि यह मौत नहीं है, बल्कि हत्या की गई है। घटना शिकारपुर थाना क्षेत्र के सोफवा नया टोला गांव की है। मृतक की पहचान कोइरगांवा वॉर्ड संख्या 14 निवासी रविंद्र मिश्र उर्फ साहेब मिश्र के पुत्र कृष्ण मोहन मिश्र (50) के रूप में की गई है।
हथियार से लैस अपराधियों ने घर में घुसकर की डकैती…विरोध करने पर महिला को भी पीटा
बिहार प्रदेश में बेखौफ अपराधियों ने वैशाली जिले में एक भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना में लगभग 8 से 10 की संख्या में हथियार से लैस अपराधी घर में घुसे और घर में मौजूद महिला (60) और युवक (20) को बंधक बनाकर लगभग 30-40 लाख लूट लिए। विरोध करने पर उन अपराधियों ने दोनों के साथ मारपीट भी की। इस घटना में सोनपुर के सबलपुर निवासी मोहन राय की मां और पत्नी के भाई घायल हैं। फिलहाल, उनका इलाज सोनपुर अनुमंडल अस्पताल में किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सोनपुर डीएसपी और थानाध्यक्ष भी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटना वैशाली सोनपुर थाना क्षेत्र के सोनपुर बाईपास स्थित वृंदावन कॉलोनी की है।
पटना के बीएन कॉलेज हॉस्टल में चल रही थी शराब पार्टी…देर रात पुलिस ने मारी रेड…पांच छात्र गिरफ्तार
राजधानी पटना के बीएन कॉलेज के हॉस्टल में देर रात को शराब पार्टी चल रही थी। गणतंत्र दिवस और सरस्वती पूजा को लेकर पुलिस ने बीएन कॉलेज हॉस्टल में छापेमारी किया। शुक्रवार की देर रात को अचानक पुलिस ने हॉस्टल में धावा बोला तो हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गयी। जाम छलका रहे कुछ छात्र रंगे हाथों पकड़ लिए गए। पुलिस को देखते ही ये छात्र भागने लगे, लेकिन मौके पर से पांच छात्रों को गिरफ्तार कर लिया गया। आधा दर्जन विदेशी शराब की बोतल भी बरामद हुई है।