-अब तक चार महिलाओं के साथ कर चुका है दुष्कर्म
दुनिया के किसी भी कोने में किसी भी उम्र की लड़कियां सेफ नहीं हैं। अब स्थिति ऐसी आ गई है कि मरने के बाद भी लड़कियां सेफ नहीं रह गई हैं। देखिए न एक शख्स ऐसा है, जो कब्रिस्तान में जाता है और कब्र से लड़कियों के शवों को निकालकर उनके साथ गंदे काम करता है। दरअसल, पाकिस्तान के कराची में पुलिस ने एक ऐसे नेक्रोफिलियाक को गिरफ्तार किया है। नेक्रोफिलियाक वो लोग होते हैं, जो शवों के साथ यौन संबंध बनाने की इच्छा रखते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने पुलिस के पास एक मामला दर्ज कराया, जिसमें उसने बताया कि गुरुवार यानी ८ अगस्त की शाम को उसने बाग-ए-कोरंगी कब्रिस्तान में अपनी मां के शव को दफन किया था। उसी शाम सात बजे के बाद उस कब्रिस्तान से कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ा, जो कब्र को नुकसान पहुंचाकर शवों के साथ छेड़छाड़ करता है। लोगों ने उसकी इस हरकत के लिए उसकी जमकर पिटाई की, कुछ समय बाद घटनास्थल पर लोकल पुलिस पहुंच गई और उसने उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
शवों के साथ ऐसी हरकत करने वाले उस व्यक्ति की उम्र लगभग ४० साल बताई जा रही है। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि अभी तक उसने करीब चार महिलाओं के शवों के साथ बलात्कार किया है। उसने बताया कि वह कब्रिस्तान में दफन किए जाने वाले शवों पर ध्यान रखता है और रात में कब्र को नुकसान पहुंचाकर शवों को बाहर निकालता है और उसके साथ दुर्व्यवहार करता है।
पूछताछ में उसने ये भी बताया कि इस तरह की घटना के लिए उसे करीब आठ साल पहले भी लोगों ने पकड़ा था। मामले की जांच कर रहे पुलिस सर्जन सुम्मैया सैयद ने बताया कि बालात्कार के आरोप में पकड़े गए व्यक्ति को मेडिकल के लिए भेजा गया है, उन्होंने बताया कि मृत महिला के शव को उसके परिवार वालों ने वापस से दफन कर दिया है। हालांकि, बाद में इस मामले की जांच के लिए उसे दोबारा बाहर निकाला जाएगा, जिसके लिए उन्हें न्यायिक मजिस्ट्रेट की परमिशन की आवश्यकता पड़ेगी। आरोपी के खिलाफ पाकिस्तान पेनल कोड की धारा २९७ (कब्रिस्तान आदि पर अतिक्रमण), ३७६ (बलात्कार के लिए सजा) और ३५४ (महिला की शील भंग करने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) के तहत मामला दर्ज किया है।