राजेश जायसवाल / मुंबई
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की जुहू शाखा के चीफ ब्रांच मैनेजर सतीश सिंह को सीबीआई ने रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सतीश सिंह एक कपड़ा व्यवसायी का लोन पास करने के एवज में लोन की रकम का पांच प्रतिशत रिश्वत मांग रहा था। हालांकि, बाद में सतीश सिंह चार प्रतिशत कमीशन पर मान गया था।
सीबीआई सूत्रों ने बताया कि रेडीमेड गारमेंट्स व्यवसायी के. के. तिवारी ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की जुहू शाखा में २५ लाख रुपए लोन के लिए अप्लाई किया था। चीफ ब्रांच मैनेजर सतीश सिंह लोन पास करने के एवज में ५ प्रतिशत कमीशन मांग रहा था। के. के. तिवारी के सभी दस्तावेज सही होने के बावजूद कथित ब्रांच मैनेजर सिंह ने कहा कि कमीशन तो देना ही पड़ेगा।
इस बात से परेशान होकर के. के. तिवारी ने समस्या के समाधान के लिए सीबीआई को अप्रोच किया। शुक्रवार की शाम सीबीआई अधिकारियों ने सतीश सिंह को सांताक्रूज स्थित रहेजा कॉलेज के सामने से नब्बे हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह आज शाम 6.30 बजे की घटना है।