सामना संवाददाता / मुंबई
चंद्रपुर जिले की चिमूर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक कीर्तिकुमार भांगडिया के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। भांगडिया पर कांग्रेस जिला महासचिव गजानन बुटके के भाई साईनाथ बुटके व उनकी पत्नी के साथ मारपीट करने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, इस मामले में पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता और उसका पति साईनाथ बुटके चिमूर में रहते हैं। साईनाथ के बड़े भाई गजानन बुटके कांग्रेस के जिला महासचिव हैं। शनिवार ११ मार्च की शाम करीब साढ़े सात बजे भाजपा विधायक कीर्तिकुमार उर्फ बंटी भांगडिया अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ उनके घर पहुंचे, उन्होंने गाली-गलौज की फिर जबरन घर में घुसकर साईनाथ की पिटाई की और उसे बाहर ले आए।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने पति की पिटाई का विरोध किया तो उसके साथ छेड़खानी और मारपीट की गई। साथ ही भांगडिया के समर्थकों ने उसके दो छोटे बच्चों के साथ भी मारपीट की। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस बीच घर पहुंचे गजानन बुटके ने भांगडिया को रोकने का भी प्रयास किया लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। इस शिकायत के बाद पुलिस ने भाजपा नेता समेत उनके २० कार्यकर्ताओं के खिलाफ धारा ३५४ के तहत छेड़खानी का मामला दर्ज किया है।