विक्रम सिंह / सुलतानपुर
यूपी के सुलतानपुर जिले से करीब सात माह पूर्व गुम हुए दो मासूम भाई-बहन मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के एक अनाथाश्रम में पाए गए। सुलतानपुर से पहुंचे बाल कल्याण समिति के सदस्यों को अनाथाश्रम के संचालकों ने दोनों बच्चे सुपुर्द कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सुलतानपुर जिले के कुड़वार थानांतर्गत चका बभनगवां निवासी गुलजार के दो मासूम बच्चे मैना व साहिल गत वर्ष २२ अगस्त को घर से अचानक गुम हो गए थे। जिनकी गुमशुदगी कुड़वार थाने की पुलिस ने दर्ज की थी। तभी से दोनों की खोज चल रही थी। इसी बीच मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के संभलपुर अनाथाश्रम से सुलतानपुर पुलिस को बाल कल्याण समिति के जरिए सूचना मिली कि सात माह पूर्व गुम हुए साहिल व मैना यहां आश्रम में हैं। इस पर पुलिस ने बच्चों के के परिवारीजनों को इसकी जानकारी दी। थानेदार संदीप राय ने गुम हुए बच्चों के परिवारीजनों को पुलिसकर्मियों और बाल कल्याण समिति के सदस्यों सरिता यादव, ओम प्रकाश तिवारी और ममता मिश्रा के साथ संभलपुर अनाथ आश्रम भेजा। जहां पर दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति (मजिस्ट्रेट) के निर्देश पर शिनाख्त व तस्दीक के बाद उनके परिवारीजनों को सौंप दिया गया है।