मुख्यपृष्ठखेलक्लीन बेल्ड : गर्व का तीर

क्लीन बेल्ड : गर्व का तीर

अमिताभ श्रीवास्तव

तीरंदाजी में जब हिंदुस्थान की तीन बालाओं ने निशाने पर तीर लगाए तो पूरे देश ने गर्व के तीर भी छोड़े। यह बहुत गर्व और खुशी की बात है कि ज्योति सुरेखा वेन्नम, परनीत कौर और अदिति गोपीचंद स्वामी की हिंदुस्थानी महिला कंपाउंड टीम ने पिछले दिनों विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप २०२३ में स्वर्ण पदक जीता। यह किसी भी वर्ग में तीरंदाजी विश्व चैंपियनशिप में देश का पहला स्वर्ण है। इस तिकड़ी ने फाइनल में मैक्सिकन टीम डैफने क्विंटेरो, एना सोफिया हर्नांडेज जियोन और एंड्रिया बेसेरा को २३५-२२९ से हराया। सेमीफाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त हिंदुस्थानी महिला कंपाउंड टीम ने मौजूदा चैंपियन कोलंबिया को २२०-२१६ से हराया। पहले राउंड में बाई मिलने के बाद टीम ने क्रमश: क्वार्टर फाइनल और प्री-क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे और तुर्की की चुनौती पर काबू पा लिया।

खूबसूरत कोच
वैसे तो उसे दुनिया की टेबल टेनिस सुंदरी कहते हैं। जब खेलती है तो बस देखते ही बनता है। आज वो खिलाड़ी के रूप में नहीं बल्कि कोच के रूप में फेमस है। नाम है अनास्तासिया रेबका। यूक्रेन की खिलाड़ी मगर अब अमेरिकी कोच। रेबका का जन्म २५ मार्च १९९३ को यूक्रेन में हुआ था। यूक्रेन के कीव शहर की ये खूबसूरत बाला रूस के खिलाफ जंग में अपने देश का फेवर कर रही है। करे भी क्यों न वो है भी यूक्रेन की। बाएं हाथ की इस खिलाड़ी ने नौ साल की उम्र में टेबल टेनिस खेलना शुरू कर दिया था। यूक्रेन में अपनी आयु वर्ग में उसकी टक्कर की कोई खिलाड़ी नहीं थी। अठारह साल की उम्र में उसने एक ही टूर्नामेंट में प्रत्येक संभावित जूनियर वर्ग (एकल, युगल, मिश्रित युगल और टीम) में यूक्रेनी राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीता था। मॉडलिंग के ऑफर भी मिले मगर रेबका ने उसमें ज्यादा रूचि नहीं दिखाई। वह कोच के रूप में काम करने के लिए लॉस एंजिल्स चली गई। उसे टेक्सास वेस्लेयन टेबल टेनिस टीम की सबसे प्रसिद्ध पूर्व छात्रों में से एक माना जाता है।

द हंड्रेड की फिफ्टी क्वीन
अभी तक नेशनल क्रश के रूप में विख्यात थी, अब द हंड्रेड में फिफ्टी क्वीन बन गई स्मृति मंधाना। अपने धाकड़ खेल से मंधाना ने सबको प्रभावित किया है। जी हां, स्मृति मंधाना द हंड्रेड की महिला लीग में सबसे ज्यादा फिफ्टी लगाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। टूर्नामेंट के इतिहास में यह उनकी ५वीं अर्धशतकीय पारी थी। इस मुकाबले से पहले स्मृति हिंदुस्थान की ही जेमिमा रोड्रिग्स के साथ ४-४ फिफ्टी लगाई थी। अब स्मृति ने जेमिमा को पीछे छोड़ दिया है। इंग्लैंड महिला टीम की विस्फोटक बल्लेबाज डेनियम व्याट के नाम भी द हंड्रेड में ४ अर्धशतक है। ५ फिफ्टी के साथ ही स्मृति मंधाना द हंड्रेड में ५०० रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर भी बन गई हैं। २०२२ सीजन में वे सदर्न ब्रेव के लिए सबसे ज्यादा २११ रन बनाने वाली बल्लेबाज भी थीं। २०२१ सीजन में उन्होंने १६७ रन बनाए थे। इस बार दो ही मैच में स्मृति के १२५ रन हो चुके हैं।

अन्य समाचार

मंसूर का मन