अमिताभ श्रीवास्तव
ऐसा स्वागत सिकंदर का भी नहीं हुआ होगा, जो टीम इंडिया का देश आगमन पर हुआ। आखिरकार विश्वकप जो जीत कर लौटे हैं। तूफान में फंसने के बाद विशेष रूप से स्वदेश वापसी में दिल्ली से लेकर मुंबई तक जश्न ही जश्न रहा। कल रोहित शर्मा की अगुवाई वाली क्रिकेट टीम सुबह दिल्ली पहुंची। दिल्ली एयरपोर्ट से लेकर आईटीसी मौर्य होटल तक टीम इंडिया के खिलाड़ियों का जबरदस्त स्वागत हुआ। इंद्र देवता भी मानो प्रसन्न थे, रिमझिम बारिश के मध्य सड़कों पर फैस का हुजूम उमड़ा था। दिल्ली की धरती पर खिलाड़ियों का स्वागत भांगड़े के साथ हुआ। टीम इंडिया के स्टार कैप्टन रोहित शर्मा और स्टार खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव ने जब भांगड़ा बजते देखा तो वे खुद को रोक नहीं पाए। सूर्यकुमार यादव ने तो भांगड़े की बीट पर धांसू डांस किया। मनभर नाचे और क्या खूब नाचे। सूर्यकुमार यादव के फाड़ू डांस को देखकर सब हैरान रह गए। दिल्ली पुलिसवाले भी हक्का-बक्का रह गए। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि वह कैसे मस्ती में लीन होकर डांस कर रहे हैं।
इस देश के साथ क्रिकेट नहीं
क्रिकेट ने हमेशा से देश के द्विपक्षीय संबंधों के आधार पर अपने पैर पसारे हैं। दरअसल, यह खेल जनमानस पर प्रभाव डालता रहा है इसीलिए इसे राजनैतिक कवच में लपेट दिया गया है। जैसे हिंदुस्थान-पाकिस्तान के मध्य कड़वे संबंधों के कारण क्रिकेट प्रभावित हुआ है तो अब ऑस्ट्रेलिया ने घोषणा की है कि वो अफगानिस्तान के साथ क्रिकेट नहीं खेलेगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दोहराया है कि महिलाओं के अधिकारों के संबंध में तालिबान सरकार के रुख के कारण ऑस्ट्रेलिया अफगानिस्तान के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट नहीं खेलेगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी निक हॉकले ने कहा कि इस मामले पर अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ नियमित बातचीत होती रही है और उम्मीद है कि दोनों टीमें भविष्य में कभी न कभी एक-दूसरे के साथ खेलना शुरू करेंगी। ऑस्ट्रेलिया ने महिलाओं और लड़कियों के मानवाधिकारों में गिरावट का हवाला देते हुए तीन बार अफगानिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने से अपना नाम वापस ले लिया है, लेकिन आईसीसी इवेंट में उनके खिलाफ खेल रहे हैं। ऐसा ही टीम इंडिया भी करती है।
घोड़े पर इतिहास
यह हिंदुस्थान का तिरंगा है, जो आज ऐसे खेलों में भी लहराने लगा है, जिनमें जीतने की कभी कल्पना की जाती थी। यह एक ऐतिहासिक दिन था, जब देश की श्रुति वोरा ने थ्री-स्टार ग्रांपि इवेंट जीतकर इतिहास रच दिया। वो ये कारनामा करनेवाली हिंदुस्थान की पहली घुड़सवार बनीं। वोरा ने अपने घोड़े मेगनेनिमस के साथ सीडीआई-थ्री इवेंट एफईआई ड्रेसेज वर्ल्डकप में रिकॉर्ड ६७.७६१ अंक हासिल किए, जिसका आयोजन पिछले महीने स्लोवेनिया के लिपिका में हुआ था। हालांकि, इतिहास रचने के बावजूद श्रुति वोरा आगामी पेरिस ओलिंपिक्स २०२४ के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहीं। इक्वीस्ट्रीयन फेडरेशन ऑफ इंडिया ने अनुष अग्रवाल को समर गेम्स में श्रुति वोरा पर तरजीह देते हुए चुना। यह चयन कार्यकारी परिषद और अध्यक्ष द्वारा किया गया। हालांकि, इतिहास रचने के बावजूद श्रुति वोरा आगामी पेरिस ओलिंपिक्स २०२४ के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहीं।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)