मुख्यपृष्ठखेलक्लीन बोल्ड : खेल-खेल में मौत

क्लीन बोल्ड : खेल-खेल में मौत

अमिताभ श्रीवास्तव

खेल की दुनिया में सबसे दुखदायी घटनाओं में से एक होती है खेलते-खेलते मौत हो जाना। कई दिनों तक ऐसी घटनाएं दिमाग को गमगीन रखती हैं। हाल ही में फुटबॉल के मैदान में हुई एक खिलाड़ी की मृत्यु ने पूरे खेल जगत को सन्न कर दिया। उरुग्वे फुटबॉल क्लब नेशनल के डिफेंडर जुआन इजकिएर्डो की कोपा लिबर्टाडोरेस मैच के दौरान मैदान पर गिरने के बाद मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि २२ अगस्त को साओ पाउलो के खिलाफ नेशनल के मैच के दौरान २७ वर्षीय जुआन इजकिएर्डो के दिल की धड़कन अचानक अनियमित हो गई थी और वह खेलते-खेलते मैदान पर गिर गए थे, जिसके बाद उन्‍हें तत्‍काल एंबुलेंस से अस्‍पताल ले जाया गया। जहां वे मौत से जिंदगी की जंग हार गए। उनकी मौत से फुटबॉल खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। ये घटना मैच के ८४ वें मिनट में घटी, जिसमें इजक्विएर्डो अन्य किसी खिलाड़ी के संपर्क में आए बिना ही अचानक मैदान पर गिर गए थे।

बेन का पाकिस्तान पर होगा हमला
अभी श्रीलंका के खिलाफ जंग चल रही है, जिसमें सेनापति बदला हुआ है। दरअसल, कप्तान बेन स्टोक्स चोटिल हैं और अभी उपचार चल रहा है, उनकी जगह ओली पोप को कमान सौंपी गई है, मगर बेन स्टोक्स इंतजार कर रहे हैं पाकिस्तान से टकराने का। माना जा रहा है कि पाकिस्तान के खिलाफ बेन बोलेंगे हमला यानी तब तक टीम में लौट आएंगे। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले चोटिल हुए इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने की राह पर हैं। द हंड्रेड के दौरान स्टोक्स की बार्इं हैमस्ट्रिंग में चोट आ गई थी। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने श्रीलंका सीरीज के लिए स्टोक्स का प्रतिस्थापन नहीं चुना। उन्होंने उनकी जगह ओली पोप को कप्तान बनाया। स्टोक्स अक्टूबर में पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की टेस्ट सीरीज में ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे।

१५ दिन इन पर होगी नजर
पैरा ओिंलपिक की शुरुआत हो चुकी है। भारत ने इसमें ८४ पैरा-एथलीटों का अपना अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल भेजा है। भारत की पैरालिंपिक समिति ने घोषणा की है कि देश तीन नए खेलों- पैरा साइक्लिंग, पैरा रोइंग और ब्लाइंड जूडो में प्रतिस्पर्धा करेगा, जिससे भारत की कुल भागीदारी १२ खेलों तक पहुंच जाएगी। मैडल मिलने की पक्की गारंटी कुछ खेलों में है। जैसे भाला फेंक जिसमें टोक्यो पैरालिंपिक में पुरुषों की भाला फेंक एफ-६४ श्रेणी में स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल भारत की पैरालिंपिक उम्मीदों में एक प्रमुख व्यक्ति हैं। राजस्थान की अवनि लेखारा ने टोक्यो पैरालिंपिक में १० मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग में स्वर्ण और ५० मीटर राइफल ३ पोजीशन में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। शीतल देवी अंतर्राष्ट्रीय पैरा तीरंदाजी चैंपियन हैं। २०२२ एशियाई पैरा खेलों में उन्होंने दो स्वर्ण पदक और एक रजत पदक जीता। पुरुष एकल एसएच-६ में विश्व नंबर २ स्थान पर रहे कृष्णा नागर ने २०२० टोक्यो पैरालिंपिक में स्वर्ण पदक जीता। नागर को २०२१ में खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बैडमिंटन में सुहास यथिराज, टेबल टेनिस में भावना पटेल जैसे खिलाड़ी हैं, जो पदक ला सकते हैं।

(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार