अमिताभ श्रीवास्तव
ओलिंपिक का वह सबसे क्यूट दृश्य था जब चीन की जिम्नास्ट ने सिल्वर मेडल जीता और पोडियम पर खड़ी उसने अन्य दो पदक विजेता को मेडल दांत से काटते हुए देखा तो चौंक गर्इं, उसे लगा यह कोई प्रथा होती है तो उसने भी मेडल को अपने दांतों के बीच रख लिया। उसकी मासूमियत वायरल हो गई थी, मगर अब उसी की खबर है कि वो अपने पिता के साथ एक रेस्टोरेंट में वेटर का काम कर रही है। जी हां, पेरिस ओलिंपिक के दौरान १८ साल की चीनी एथलीट झोउ याकिन ने सिल्वर मेडल जीतकर सबको प्रभावित किया था। जिम्नास्टिक के बैलेंस बीम इवेंट में इस खिलाड़ी ने यह पदक अपने नाम किया था। पदक जीतने के बाद घर लौटकर झोउ रेस्टोरेंट में काम करने की वजह से चर्चा में हैं। झोउ याकिन चीन के हेंगयांग शहर की रहनेवाली हैं। झोउ का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो रेस्टोरेंट में ग्राहकों को खाना परोसती नजर आ रही हैं। ओलिंपिक पोशाक में वह अपने माता-पिता के रेस्टोरेंट में काम कर रही हैं।
ढाबे पर धोनी
महेंद्र सिंह धोनी की यही तो खासियत है कि वो अपने दोस्तों को नहीं भूलते। उनके साथ मस्ती करते हैं और बिल्कुल सामान्य व्यक्ति की तरह ढाबे पर खाना खाने भी जाते हैं। इन दिनों धोनी रांची में हैं और दोस्तों के साथ मौज कर रहे हैं। अपनी शोहरत को भुलाकर वो रांची के एक स्थानीय ढाबे पर अपने दोस्तों के साथ मस्ती करते हुए देखे गए। धोनी अपने दोस्तों के बड़े ग्रुप के साथ स्वादिष्ट भोजन का आनंद लेते देखे गए। धोनी और दोस्तों के बीच प्यार भरे रिश्ते को दर्शाती यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के आईपीएल में भविष्य को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में काफी चर्चा है। ४२ वर्षीय धोनी, जिन्होंने २०२० में अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया था और आईपीएल २०२४ में टीम की कप्तानी रुतुराज गायकवाड़ को सौंप दी थी। सीजन के दौरान, धोनी ने घुटने के भयानक दर्द से जूझते हुए खुद को बल्लेबाजी लाइन-अप में नीचे कर दिया। उनकी उम्र को देखते हुए यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि धोनी आईपीएल २०२५ में सीएसके के लिए खेलेंगे या नहीं क्योंकि उनके कभी भी संन्यास की घोषणा करने की उम्मीद है।
हो सकती है बहनों के बीच लड़ाई
यह खबर चौंकाने वाली हो सकती है, मगर यदि सच हुई तो राजनीति की जीत भी मानी जाएगी। दरअसल, चर्चा गरम है कि हरियाणा विधानसभा चुनावों में इस बार विनेश फोगाट को भी मैदान में उतारा जा सकता है और वह भी उनकी बहन बबिता फोगाट के सामने। यही नहीं, बल्कि बजरंग पुनिया को योगेश्वर दत्त से लड़वाया जा सकता है। यानी यदि ऐसा हुआ तो हरियाणा विधानसभा चुनाव बहुत रोचक बन जाएगा। चर्चा है कि रेसलर विनेश फोगाट अपनी चचेरी बहन बबीता फोगाट के खिलाफ हरियाणा विधानसभा का चुनाव लड़ सकती हैं। पारिवारिक सूत्रों के हवाले से ऐसा संकेत है। बकौल सूत्र- ‘हां, क्यों नहीं? संभावना है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में विनेश फोगाट बनाम बबीता फोगाट और बजरंग पूनिया बनाम योगेश्वर दत्त मुकाबला देखने को मिले।’