सामना संवाददाता / मुंबई
कांग्रेस नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने कहा कि महाराष्ट्र के गृहमंत्री कानून व सुव्यवस्था संभालने में असफल साबित हो रहे हैं इसलिए उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। वे कूपर अस्पताल के बाहर मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बाबा सिद्दीकी मेरे अच्छे दोस्त थे। हमने उनके साथ काम किया है। हमारे बीच घनिष्ठ संबंध थे। वे एक लोकप्रिय नेता थे और सामाजिक क्षेत्र में भी काम करते थे। कल जो घटना हुई वह बेहद दुखद और दर्दनाक है। उस घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या महाराष्ट्र या मुंबई में कानून सुव्यवस्था है। भायखला में जिस तरह से हत्या की घटना को अंजाम दिया गया, उससे यह साबित हो गया है कि अपराधियों में पुलिस का भय और धाक नहीं रहा। आपराधियों को लग रहा है कि हमने कुछ भी किया तो भी सरकार हमारे साथ है।
विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि पिछले छह महीनों में पुणे में हुई एक आपराधिक घटना में सत्तारूढ़ दल के मंत्री द्वारा ही गिरोह को पोषित किया गया था। वे उनका समर्थन कर रहे थे। उन्होंने सवाल उठाया है कि अगर सत्ताधारी इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं तो आम लोगों को क्या करना चाहिए? कानून सुव्यवस्था की जिम्मेदारी सरकार और गृहमंत्री की है। महाराष्ट्र में पुलिस के दो ग्रुप हैं और उनके बीच शीतयुद्ध चल रहा है इसलिए पुलिस को प्रोत्साहन नहीं मिलता। मनपसंद व्यक्ति को मनपसंद जगह पर बैठाने की अनियमितता के कारण पुलिस को अपनी ड्यूटी निभाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
….तो फडणवीस को प्रिय है कुर्सी
वडेट्टीवार ने कहा कि यह घटना दुखद है। इसकी जांच की जाएगी, इसके पीछे का मास्टरमाइंड भी सामने आ जाएगा, लेकिन मुंबई यूपी, बिहार की ओर बढ़ रही है। उन्होंने आशंका जताई कि शांत मुंबई अब गैंगस्टरों की हो रही है क्या? महाराष्ट्र के गृहमंत्री कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहे हैं। इसलिए फडणवीस खुद ही सोचें और अपने आप से पूछें कि क्या उन्हें उस कुर्सी पर बैठने का अधिकार है। इतना सब होने के बाद भी यदि आपको उस पद पर बने रहना है तो बैठें रहें। उन्होंने आलोचना करते हुए कहा कि राज्य में फिर से कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई तो आपको कुर्सी प्यारी है। यह जनता खुद देख लेगी।
`भाजपा कर रही है अजीत पवार को साइड’
महायुति में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। नतीजन अजीत पवार गुट द्वारा सम्मानजनक सीटें न मिलने पर अलग होने का निर्णय लेने की चेतावनी की चर्चा हो रही है, जिस पर विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने भाजपा पर निशाना साधते हुए महायुति में चल रही गुटबाजी पर टिप्पणी की है। महायुति से अजीत पवार को साइड ट्रैक करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ऐसा दावा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार ने किया है। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री अजीत पवार कई बार विभिन्न विभागों के मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने वित्त विभाग में अनुशासन लाने की कोशिश की थी, लेकिन वर्तमान में स्थिति बिगड़ गई है और बिना किसी समन्वय के कार्य किया जा रहा है। खजाने में पैसे न होने के बावजूद सरकारी आदेश (जीआर) जारी किए जा रहे हैं। ये पैâसले कमीशन के लिए किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अजीत पवार कहां जाएं, यह उनका व्यक्तिगत सवाल है। लेकिन जिस तरह से उनके लोग उनसे दूर जा रहे हैं, उससे वे असहज हैं। उन्होंने कहा कि यह सब भाजपा की साजिश है, भाजपा के लोग जानबूझकर अजीत पवार को साइड ट्रैक करने का काम कर रहे हैं। उनके लोगों को मजबूर किया जा रहा है कि वे उनका साथ छोड़ कर दूर जाएं। ऐसे में अजीत पवार कमजोर हो गए हैं। भाजपा इस्तेमाल करती है और फिर फेंक देती है। इस नीति के तहत भाजपा अजीत पवार का काफी इस्तेमाल कर चुकी है और अब उन्हें फेंक देगी, ऐसा अंदेशा उन्होंने जताया है।