अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा ठाणे स्टेशन
शिवसेना सांसद राजन विचारे की मेहनत रंग लाई
पंकज तिवारी
वर्तमान में ठाणे रेलवे स्टेशन पर जहां काफी भीड़ होती है, वहीं भीड़ की तुलना में रेलवे प्लेटफॉर्म बेहद छोटे हैं। भीड़ अधिक होने के कारण यात्रियों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यात्रियों की इसी समस्या के समाधान के लिए ठाणे रेलवे स्टेशन का कायापलट करने का निर्णय लिया गया है। उल्लेखनीय है कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद राजन विचारे पिछले कई वर्षों से ठाणे रेलवे स्टेशन की कायापलट करने की मांग कर रहे थे। आखिरकार, उनकी मेहनत रंग लाई और ठाणे रेलवे स्टेशन के कायापलट का काम शुरू कर दिया गया है। इस नए ठाणे रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इतना ही नहीं, यात्रियों के लिए ठाणे रेलवे स्टेशन पर मॉल, शॉपिंग सेंटर की व्यवस्था होगी।
१० लाख यात्री कर सकेंगे यात्रा!
वर्तमान में ठाणे रेलवे स्टेशन पर मौजूद प्लेटफॉर्म से रोजाना ७ लाख यात्री यात्रा करते हैं। ठाणे शहर की जनसंख्या तेजी से बढ़ने की वजह से यात्रियों की भीड़ का भार ठाणे रेलवे स्टेशन पर पड़ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, नया ठाणे रेलवे स्टेशन १० लाख यात्रियों का भार उठा सकता है।
`९८३ करोड़ होंगे खर्च
ठाणे रेलवे स्टेशन पर बड़े प्लेटफॉर्म सहित ३ मंजिला इमारत का कार्य प्रस्तावित है, वहीं तीन मंजिला इमारत में यात्रियों के लिए शॉपिंग की व्यवस्था होगी। इन सभी कार्यों के लिए कुल ९८३ करोड़ रुपए की निधि मंजूर की गई है।
वर्ष २०६२ तक
भीड़ का नो टेंशन
ठाणे रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए ९८३ करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। ठाणे रेलवे स्टेशन के वर्तमान प्लेटफॉर्म यात्रियों के खड़े रहने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। यात्रियों के लिए उनकी यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए स्टेशन को हवाई अड्डे की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। आरएलडीए द्वारा कराए गए सर्वे में ठाणे रेलवे स्टेशन से हर घंटे ५२ हजार ५०० यात्रियों का आना-जाना हो रहा है। वहीं प्रतिदिन छह से सात लाख से अधिक यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है। इस सर्वे में २०६२ तक १० लाख से ज्यादा यात्रियों के आने-जाने को ध्यान में रखते हुए ठाणे रेलवे स्टेशन को विकसित किया जाएगा।
शिवसेना ने कर दिखाया
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद राजन विचारे ने बताया कि ठाणे जिला शिवसेना का गढ़ है। ठाणे स्टेशन से यात्रा करनेवाले यात्रियों की समस्या को सुलझाने के लिए ठाणे स्टेशन का कायापलट करने की मांग शिवसेना लगातार कर रही थी। आखिरकार, शिवसेना की मेहनत रंग लाई और ठाणे रेलवे स्टेशन का कार्य अब शुरू कर दिया गया है।
इस प्रकार किया जाएगा कार्य
पहला चरण
पहले चरण में प्लेटफॉर्म लेवल-पैसेंजर प्लेटफॉर्म को तोड़कर कुल २५ हजार ५०० वर्ग मीटर पर स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। वहीं रूप प्लाजा लेवल- ५२ हजार ५०० वर्ग मीटर क्षेत्र में होगा और यहां यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं मौजूद होंगी। दूसरी मंजिल पर १३,५०० वर्ग मीटर का विकास होगा, जिसमें शॉपिंग सेंटर, रेस्तरां और अन्य सुविधाएं शामिल होंगी।
दूसरा चरण
दूसरे चरण में पश्चिम में ठाणे रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रेलवे कॉलोनियों और अन्य कार्यालयों की साइट पर पीपीपी के माध्यम से विकास किया जाएगा। इसमें ३ कमर्शियल टॉवर बनाए जाएंगे। इसके अलावा रेलवे कॉलोनी में १६४ हाउस को मल्टीलेवल पार्विंâग बनाया जाएगा, जिसमें १,८०० दोपहिया और १,५०० चार पहिया वाहन खड़े किए जाएंगे।