सामना संवाददाता / मुंबई
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जनता से भरपूर समर्थन मिल रहा है और हमारी पार्टी का सत्ता में आना तय है। लोगों का साफतौर पर मानना है कि कांग्रेस पार्टी ही सबको साथ लेकर विकास कर सकती है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की स्थिति इसके विपरीत है और कर्नाटक में उन्हें नैनो कार में बैठना होगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मंगलवार को सातारा जिले के दौरे पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि चूंकि कर्नाटक में भाजपा के लिए अनुकूल माहौल नहीं है, इसलिए उन्होंने केरल स्टोरी फिल्म के आधार पर लोगों के बीच दरार पैदा करने की कोशिश की, लेकिन कर्नाटक के लोग भाजपा के ऐसे किसी भी छलावे में आने वाले नहीं हैं। इससे पहले भाजपा ने कश्मीर फाइल्स फिल्म के जरिए कश्मीरी पंडितों पर अत्याचार के मुद्दे को उठाया था। पटोले ने कहा कि जम्मू कश्मीर में राज्यपाल हैं और केंद्र में बीजेपी की सत्ता है तो उन्होंने कश्मीरी पंडितों पर हो रहे अत्याचार को रोकने के लिए क्या किया है? उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में रहने के दौरान कश्मीरी पंडितों पर अत्याचार बढ़े हैं। मणिपुर में भी भाजपा के सत्ता में रहने के दौरान दो समुदायों के बीच बड़ी हिंसा भड़की है। मणिपुर जल रहा है तो देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री कर्नाटक में घूम-घूम कर वोट मांग रहे हैं। कर्नाटक में भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए उनके नेता बजरंग बली के नाम पर लोगों से वोट मांग रहे हैं। लेकिन कर्नाटक के लोग समझदार हैं और वे भाजपा के झांसे में नहीं आनेवाले हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कर्नाटक में बजरंग बली का आशीर्वाद कांग्रेस के साथ है। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार आएगी और यहां भाजपा का ऑपरेशन लोटस काम नहीं आने वाला है, बल्कि यहां के लोग भाजपा का ऑपरेशन करेंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक झूठी पार्टी है और वह किसी भी तरीके से सत्ता पाने की कोशिश करती है। पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस ने कर्नाटक में सत्ता स्थापित की थी। मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस पार्टी ने सत्ता हासिल की थी। लेकिन भाजपा लोगों की राय नहीं मानती, क्योंकि उनके पास सीबीआई, ईडी जैसी सरकारी एजेंसियां हैं। देश की जनता ने देखा है कि मोदी सरकार सत्ता के लिए इन सरकारी तंत्रों का दुरूपयोग कर रही है। महाराष्ट्र में भी बीजेपी ने विधायकों को खरीदकर महाविकास आघाड़ी सरकार गिरा दी थी। हालांकि, कर्नाटक की जनता ने इस बार भाजपा की ४० फीसदी कमीशन वाली सरकार को सत्ता से उखाड़ कर फेंक देने का फैसला लिया है।
पृथ्वीराज चव्हाण राष्ट्रीय नेता…
पृथ्वीराज चव्हाण कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर काम किया है। वह एक ऐसे नेता हैं जो भाजपा की तानाशाही के खिलाफ लड़ने की क्षमता रखते हैं और हमें उन पर गर्व है। एनसीपी पार्टी का अध्यक्ष कौन होना चाहिए यह उनका आंतरिक मामला है, हमारे लिए इस मामले में छेड़छाड़ का कोई सवाल ही नहीं पैदा होता है। जनता के मुद्दे हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं, हम महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दों पर लड़ रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने साफतौर से कहा कि यह देखना हमारा काम नहीं है कि किसकी पार्टी में क्या चल रहा है।