सामना संवाददाता / नई दिल्ली
विधानसभा चुनावों में कल आखिरी दौर के मतदान होने के साथ ही एक्जिट पोल के नतीजे आ गए हैं। इसके अनुसार हिमाचल प्रदेश में भाजपा की परेशानी बढ़ गई है क्योंकि कांग्रेस वहां पर भाजपा को कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है। अगर इसमें थोड़ा आगे-पीछे हुआ (जो कि होता ही है) तो हिमाचल से भाजपा का तंबू उखड़ने में देर नहीं लगेगी। ‘इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया’ के एक्जिट पोल में तो हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनाएगी, जबकि अन्य में भाजपा की बढ़त नजर आ रही है।
‘इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया’ के एक्जिट पोल में हिमाचल में इस बार कांग्रेस सरकार बनाने की स्थिति में नजर आ रही है। एक्जिट पोल में कांग्रेस को ३० से ४० सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं भाजपा को २४ से ३४ सीटें मिलने का अनुमान है। हालांकि हिमाचल को लेकर ज्यादातर सर्वे ने भाजपा की सरकार बनने का दावा किया है। हालांकि कांग्रेस वहां भाजपा को कांटे की टक्कर देती नजर आ रही है। ‘टाइम्स नाउ-नवभारत’ के एक्जिट पोल के मुताबिक हिमाचल में भाजपा को नुकसान होगा। लेकिन फिर भी वह सरकार बनाने में सफल रहेगी। इस एक्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को ३४ से ४२ सीटें मिलने का अनुमान है, वहीं कांग्रेस के खाते में २४ से ३२ सीटें मिलने की बात कही गई है।
‘आप’ के खाते में एक भी सीट नहीं जाने का अनुमान है, जबकि अन्य को १ से ३ सीट मिलने की बात कही गई है। हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए ‘रिपब्लिक भारत-पीमार्क’ के एक्िजट पोल में भाजपा को बहुमत मिलने की बात कही गई है। हिमाचल में भाजपा को ३६ सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, वहीं कांग्रेस को ३० सीटें मिलने की बात कही गई है। हिमाचल प्रदेश चुनाव के लिए ‘जी न्यूज-बार्क’ के एक्िजट पोल में भाजपा की सरकार बनती दिख रही है।
गुजरात में फिर भाजपा के आसार
सभी एक्जिट पोल में कमोबेश गुजरात में एक बार फिर भाजपा सरकार बनने के आसार दिखाई दे रहे हैं। ‘रिपब्लिक भारत-पी मार्क’ के सर्वे के अनुसार गुजरात की १८२ सीटों में से भाजपा को १२८-१४८, कांग्रेस को ३० से ४२ व आप को २ से १० सीटें मिलती दिख रही हैं। इसमें भाजपा को ४८.२ प्रतिशत, कांग्रेस को ३२.६ प्रतिशत व आप को १५.४ प्रतिशत और अन्य को ३.८ प्रतिशत वोट मिलते दिख रहे हैं। ‘एबीपी-सी वोटर’ के एक्जिट पोल के अनुसार भाजपा को १२८ से १४० तथा कांग्रेस को ३१ से ४३ सीटें व ‘आप’ को ३ से ११ सीटें मिलने का अनुमान है।