सामना संवाददाता / ठाणे
ठाणे मनपा प्रशासन ने नितिन जंक्शन से कैडबरी जंक्शन फ्लाईओवर के नीचे खुली जगह में नागरिकों के लिए आउटडोर खेल की सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस स्थान पर बैडमिंटन, टेनिस और बॉलीबॉल कोर्ट, स्केटिंग रिंक जैसी आउटडोर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। इस कार्य के लिए टेंडर भी निकाला गया था लेकिन, ठेकेदारों कोई प्रतिसाद नहीं मिलने पर मनपा ने दोबारा टेंडर मंगाया है। इससे यह साफ हो गया है कि ठेकेदारों ने मनपा को ठेंगा दिखाया हैं।
बता दें कि नई मुंबई मनपा की सीमा के भीतर सानपाड़ा फ्लाईओवर के नीचे खुली जगह में विभिन्न आउटडोर खेलों के लिए सुविधाएं प्रदान की हैं। इसी तर्ज पर, ठाणे मनपा ने भी ठाणे मनपा सीमा के भीतर राजमार्ग पर नितिन जंक्शन से कैडबरीजंक्शन फ्लाईओवर के नीचे खुले स्थानों में नागरिकों के लिए आउटडोर खेल सुविधाएं प्रदान करने का निर्णय लिया है। इससे ठाणेकरों को फ्लाईओवर के नीचे की जगह में बैडमिंटन, टेनिस और बॉलीबॉल कोर्ट, स्केटिंग रिंक जैसी आउटडोर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस पर करीब एक करोड़ पांच लाख रुपए खर्च किए जाएंगे और तत्कालीन मनपा आयुक्त ने इस खर्च को मंजूरी भी दे दी थी। इसके मुताबिक मनपा ने इस काम के लिए टेंडर भी जारी कर दिया था हालांकि, उस टेंडर पर ठेकेदारों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर मनपा प्रशासन ने नया टेंडर निकाला है। अगर टेंडर को रिस्पांस मिला तो ठाणेकरों को जल्द ही फ्लाईओवर के नीचे खेल का मैदान मिल सकेगा।
पहले चरण में तीन हात नाका जंक्शन, नितिन जंक्शन,कैडबरी जंक्शन और गोल्डन डाइज जंक्शन पर फ्लाईओवर का काम पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में इस फ्लाईओवर के नीचे आउटडोर स्पोर्ट्स की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। नितिन एवं कैडबरी कंपनी जंक्शन क्षेत्र में मनपा के माध्यम से नागरिकों के लिए एक पार्क विकसित किया गया है।