चुनाव आयोग के सर्वेक्षण में आई चौंकाने वाली जानकारी
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में मतदाता सूची को लेकर एक चौंकानेवाली जानकारी सामने आई है। इस मतदार सूची में कोरोना की कटिंग हुई है। पहली बार मतदाता सूची में अभी भी १०,८५,१९५ ऐसे मतदाताओं का नाम जुड़ा है, जिनकी पहले ही मौत हो चुकी है। इस बीच यह भी बताया गया है कि कोरोना के कारण मृत मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है। राज्य में अब तक के लोकसभा या विधानसभा चुनाव के इतिहास में मृत मतदाताओं की सबसे अधिक संख्या है। हद तो यह हो गई है कि सूची में ६१,७४९ मतदाताओं के नाम दो बार दर्ज हैं। इसका खुलासा लोकसभा और विधानसभा चुनाव की पृष्ठभूमि में प्रदेश में चलाए जा रहे मतदाता सर्वे में हुआ है।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन कार्यालय की ओर से मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू है। ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन १७ अक्टूबर तक किया जाना है। दावा-आपत्ति की अनुमति ३० नवंबर तक दी जाएगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन ५ जनवरी २०२४ को होगा। हालांकि, इस बीच जानकारी सामने आ रही है कि साल २०१९ और २०२० की अवधि के दौरान कोरोना महामारी के कारण मृत मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई। इसमें वरिष्ठ नागरिकों की मौत की संख्या अधिक है। राज्य में अब तक ८ करोड़ ५१ लाख ४० हजार ७९९ मतदाताओं का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। अभी भी ५ फीसदी वोटरों का सर्वे होना बाकी है इसलिए मृत मतदाताओं की संख्या बढ़ने की संभावना है।
५० हजार से ज्यादा मृत मतदाताओं वाले ५ शहर
बताया गया है कि सबसे ज्यादा ८१,१११ मृत मतदाता पुणे में पाए गए। इसके बाद नागपुर में ५३,५१७, सोलापुर में ५९,४६२, सातारा में ७५,१०५, कोल्हापुर में ५५,१९७, जबकि सांगली में ५०,४७७ मतदाता मृत पाए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में ऐसे भी जिले हैं, जहां २० से ५० हजार तक मतदाता मृत पाए गए हैं।
अपने निवास स्थान पर नहीं मिले
इस सर्वे में १९,६०,९५७ मतदाता अपने निवास स्थान पर नहीं मिले। ७,२९,७१५ मतदाता दूसरे राज्यों में चले गए हैं। प्रदेशभर में ४,१९,५३२ लोगों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराना होगा, क्योंकि उनकी तस्वीरें धुंधली हैं।
दो बार मिले ६१,७४९ मतदाताओं के नाम
मिली जानकारी के अनुसार, इस सर्वे में अब तक ६१,७४९ मतदाताओं के नाम दो बार मिल चुके हैं। इसमें ठाणे जिले में ४,२७९ मतदाताओं के नाम दो बार पाए गए हैं। इसी तरह बुलढाणा में २,७८५, अकोला में १,३९९, अमरावती में १,६१५, वर्धा में १,२७३, नागपुर में ३,१३४, भंडारा में १,९५४, गोंदिया में १,२४५, चंद्रपुर में २,०८०, यवतमाल में १,८५७, नांदेड़ में २,४९८, मुंबई में २,१५७, पुणे में २,५८५, धाराशिव में २,४५४, सोलापुर में २,६१५, सातारा में २,५९१, कोल्हापुर में २,३९१ मतदाताओं के नाम दो बार मिले हैं।