सामना संवाददाता / मुंबई
मॉडर्न आर्किटेक्चर के अद्भुत उदाहरण के रूप में जाना जाने वाला सीएसएमटी भवन दुनिया के सबसे आश्चर्यजनक स्टेशनों में से एक है। हर दिन हजारों पर्यटक इस इमारत और बिल्डिंग हेरिटेज म्यूजियम को देखने आते हैं। अब सेंट्रल रेलवे पर्यटकों को ‘बुक माई शो’ से सीएसएमटी हेरिटेज वॉक और हेरिटेज म्यूजियम के टिकट खरीदने की सुविधा देगा। लेकिन यह पॉपुलर हेरिटेज वॉक रेलवे द्वारा प्राइवेट कंपनी के हाथों में सौंप दिया गया है। निजी कंपनी अपने मनचाहे दाम पर यात्रियों और छात्रों से पैसे वसूलेगी।
एशिया की पहली रेलवे ट्रेन बोरीबंदर स्टेशन से चलती थी, जिसे अब सीएसएमटी रेलवे स्टेशन के रूप में जाना जाता है और इसकी विश्वव्यापी प्रतिष्ठा है। मध्य रेलवे का १६९ साल का इतिहास, जो तत्कालीन बोरीबंदर से वर्तमान सीएसएमटी स्टेशन में बदल गया है, यह एक हेरिटेज म्यूजियम है। हर दिन हजारों पर्यटक और छात्र हेरिटेज संग्रहालय देखने आते हैं जो भारतीय रेलवे का इतिहास बताता है। दिलचस्प बात यह है कि हेरिटेज म्यूजियम में बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं। वर्तमान में हेरिटेज म्यूजियम के टिकटों की बिक्री मैन्युअल रूप से की जाती है। साथ ही संग्रहालय के टिकट सोमवार से शुक्रवार दोपहर २ बजे से शाम ५ बजे तक निश्चित समय पर बेचे जाते हैं। लिहाजा, पर्यटकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब रेलयात्रियों और पर्यटकों की सुविधा के लिए सीएसएमटी के हेरिटेज वॉक और हेरिटेज म्यूजियम के टिकट ‘बुक माई शो’ से खरीदे जा सकते हैं। निजी कंपनी से करार
सेंट्रल रेलवे ने सीएसएमटी हेरिटेज बिल्डिंग में ‘हेरिटेज टूरिज्म’ आयोजित करने और रख रखाव करने के लिए पर्यटन क्षेत्र की एक निजी कंपनी के साथ ५ साल के लिए समझौता किया है। सीएसएमटी के हेरिटेज वॉक और हेरिटेज म्यूजियम के टिकट ‘बुक माई शो’ के माध्यम से ऑनलाइन बुक किए जा सकते हैं। लाइसेंसधारियों को पर्यटकों के स्वागत और आवश्यक पास, पहचान पत्र और मार्गदर्शन जारी करने के उद्देश्य से रिसेप्शन कियोस्क स्थापित करना होगा। विजिटिंग पॉइंट्स मेनलाइन कॉनकोर्स, वर्ल्ड हेरिटेज बिल्डिंग, स्टार चैंबर, स्टार चैंबर के पास हेरिटेज गैलरी, सेंट्रल डोम में रेलवे म्यूजियम और मेमोरियल म्यूजियम के भीतर सभी अनुमति जगहों पर फोटोग्राफी की अनुमति होगी। हालांकि, वीडियोग्राफी की मनाही रहेगी।
मनमाने दाम पर वसूल रहे हैं शुल्क
पहले पर्यटकों शुल्क वयस्कों के लिए २०० और विद्यार्थियों के लिए ५० था, जिसे साल के शुरूआती महीने जनवरी में कम करके ५० और २० कर दिया गया था। लेकिन निजी कंपनी के हाथ में जाते ही शुल्क आसमान छूने लगा। हालिया शुल्क छात्राओं के लिए १५०/- प्रति व्यक्ति अन्य वयस्कों के लिए रु. ५००/- प्रति व्यक्ति रहेगा।