सामना संवाददाता / बदलापुर
मालवण के राजकोट किले पर बनाया गया छत्रपति शिवाजी महाराज का पुतला गिर गया। इस घटना के बाद से पूरे महाराष्ट्र के लोगों को भारी धक्का लगा है। इससे दुखी होकर ‘सकल मराठा समाज’ की तरफ से बदलापुर-पूर्व के पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में आह्वान किया गया है कि जो शिवभक्त स्मारक बनाने वालों की अंगुली काटकर लाएगा उसे नगद पुरस्कार के साथ ही छत्रपति महाराज के स्मारक के सामने सत्कार किया जाएगा। ‘सकल मराठा समाज’ के अविनाश देशमुख ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक गिरना एक निंदनीय घटना है। स्मारक बनानेवाला शिल्पकार अनुभव विहीन है। जल्दबाजी में स्मारक को घटिया क्वालिटी का बनाया गया है। स्मारक में प्रयोग किए गए मेटेरियल की गुणवत्ता अच्छी नहीं थी, इस काम में भ्रष्टाचार की बू को भी नकारा नहीं जा सकता है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर राजद्रोह व देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा अब भी फरार
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में शिवाजी महाराज की मूर्ति गिरने के मामले में पुलिस ने पहली गिरफ्तारी की है। पुलिस ने आरोपी स्ट्रक्चरल कंसलटेंट चेतन पाटील को गिरफ्तार किया है। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में राजकोट किला पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने का मामला सामने आया था। पुलिस ने FIR में कांट्रेक्टर और आर्किटेक्ट जयदीप आप्टे और स्ट्रक्चरल कंसलटेंट चेतन पाटील को आरोपी बनाया था। आरोपी चेतन पाटील को कोल्हापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोल्हापुर पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने की है, जबकि जयदीप आप्टे अभी भी फरार बताया जा रहा है। महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा ध्वस्त होने से लोग में व्याप्त आक्रोश के बीच राज्य सरकार ने इस घटना की जांच के लिए तकनीकी संयुक्त समिति का गठन किया है। इसमें सिविल इंजीनियर, विशेषज्ञ, आईआईटी और नौसेना के प्रतिनिधि शामिल हैं।