मुख्यपृष्ठनए समाचारचक्रवात फिर करेगा घात! ... चार दिनों तक समुद्र में उठेगा तूफान 

चक्रवात फिर करेगा घात! … चार दिनों तक समुद्र में उठेगा तूफान 

• मानसून पर होगा असर

सामना संवाददाता / मुंबई
अरब सागर के ऊपर आया चक्रवात ‘बिपरजॉय’ अब तेजी से चक्रवाती तूफान में बदल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने इस चक्रवात के चलते केरल में मॉनसून की धीमी शुरुआत का अनुमान लगाया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर स्थित चक्रवात ‘बिपरजॉय’ के उत्तर की ओर बढ़ने और अगले कुछ घंटों में एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। साथ ही अगले चार दिनों तक तूफान की रफ्तार में बदलाव होता रहेगा।
मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि यह चक्रवाती तूफान अत्यंत भीषण रूप लेगा। पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर बहुत तीव्र चक्रवात बिपरजॉय वर्तमान में गोवा तट से लगभग ८२० किमी, मुंबई से ८४० किमी और पोरबंदर से ८५० किमी दूर है। अगले ३६ घंटों में चक्रवात के और तेज होने की संभावना है। अगले ३६ घंटों में चक्रवात उत्तर से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को घोषणा की थी कि राज्य में बारिश के बीच दक्षिण पश्चिम मॉनसून केरल में प्रवेश कर गया है। आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि अगले ४८ घंटों में मॉनसून और आगे बढ़ेगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मॉनसून के तट को छोड़कर महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में प्रवेश करने के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। नागपुर मौसम विभाग के अनुसार, विदर्भ में भी अगले तीन दिनों तक गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश होगी और हवाएं चलेंगी। आज अमरावती, वाशिम, चंद्रपुर, यवतमाल, गढ़चिरौली, गोंदिया, भंडारा जिलों में तेज हवा के चलते बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अगले पांच दिनों तक विदर्भ में तापमान में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी।
मौसम विभाग ने कल इसे लेकर चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने बताया कि पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर बने गहरे दबाव का क्षेत्र अब तूफान का रूप ले चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, इसके कारण २४ घंटे में कोकण के तटीय इलाके रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के अलावा मुंबई, ठाणे, पालघर में तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल सकती है। कोकण-गोवा-महाराष्ट्र तट पर आठ से १० जून तक समुद्र में बहुत ऊंची लहरें उठने की संभावना है।

अन्य समाचार