सामना संवाददाता / भायंदर
भायंदर-पूर्व की नवघर पुलिस ने फाटक रोड स्थित एक आर्केस्ट्रा बार पर छापा मारकर ७ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बार के कैशियर, मैनेजर तथा ग्राहकों का समावेश है। नवघर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार शिंदे को गुप्त जानकारी मिली कि फाटक रोड स्थित एक बार में आर्केस्ट्रा की आड़ में लड़कियों से डांस कराया जाता है तथा ग्राहकों द्वारा उन पर पैसे की बारिश की जाती है। सूचना के बाद पुलिस ने फर्जी ग्राहक भेजकर तहकीकात की तो वहां उपस्थित लड़कियों में से एक लड़की नीचे उतरकर डांस कर रही थी। फर्जी ग्राहक ने उसका वीडियो बनाकर पुलिस को सूचित किया। नवघर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मिलिंद देसाई के मार्गदर्शन में पुलिस ने छापा मारकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आग बुझानेवाले सिलिंडर से घायल हुआ स्टेशन मास्टर
सामना संवाददाता / नई मुंबई
नालासोपारा स्टेशन के पूर्व दिशा की तरफ लगी हुई आग बुझाने के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर सिलिंडर के फटने से विरार के स्टेशन मास्टर चोटिल हो गए हैं। दरअसल, आग बुझाने जा रहे स्टेशन मास्टर ने जैसे ही सिलिंडर को खोलने का प्रयास किया सिलिंडर फट गया, जिसकी वजह से उनके माथे पर गंभीर चोट आई है। घायल स्टेशन मास्टर का इलाज नालासोपारा स्थित रिद्धि विनायक हॉस्पिटल में चल रहा है। जानकारों का कहना है कि भारतीय रेलवे द्वारा बिना छानबीन किए ऐसे सिलिंडर का इस्तेमाल करने की अनुमति देना गैर जिम्मेदारी दर्शाता है।
पोलैंड की महिला से `पाप’
सामना संवाददाता / मुंबई
पोलैंड की एक महिला के साथ `पाप’ यानी दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। अंबोली पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला पोलैंड की रहनेवाली है। आरोपी से महिला की पहचान वर्ष २०१६ में हुई थी। इस दौरान आरोपी महिला के निजी फोटो और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता था। महिला का फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ लगातार दुष्कर्म कर रहा था। आखिरकार, इससे परेशान होकर महिला ने अंबोली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।