मुख्यपृष्ठनए समाचार‘मामा’ राज में रोज बेटियां हो रही हैं बेआबरू, अब शारदा धाम...

‘मामा’ राज में रोज बेटियां हो रही हैं बेआबरू, अब शारदा धाम में नाबालिग से बलात्कार और बर्बरता!

• दो आरोपी गिरफ्तार • ग्रामीणों में आक्रोश

सामना संवाददाता / भोपाल
मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान `मामा’ राज में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। राज्य में बेटियां रोज बेआबरू हो रही हैं। बता दें कि सतना जिले से एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शारदा धाम में प्रबंधन समिति में कार्यरत दो कर्मचारियों ने १० साल की नाबालिग के साथ बलात्कार और बर्बरता की है। मैहर में प्राथमिक उपचार के बाद दुष्कर्म पीड़िता को रीवा रेफर कर दिया गया है। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से मैहर में जनाक्रोश देखने को मिला।
दरअसल, मैहर थाना क्षेत्र के अंधरा टोला में रहने वाली दस साल की मासूम मां शारदा धाम जा रही थी। पीछे की तरफ से नहर निकली है, जिसके किनारे से गुजरते समय रवि चौधरी नामक युवक लड़की को पकड़ ले गया। इसके बाद अपने दोस्त के साथ मिलकर झाड़ियों के पीछे न केवल दुष्कर्म किया, बल्कि नाबालिग के प्राइवेट पार्ट में लाठी डाल दी, जिससे काफी खून बह गया।
बताया गया कि आरोपी अतुल बढ़ोलिया और रवि चौधरी मैहर के मां शारदा प्रबंधन समिति में कार्यरत हैं। दोनों के पास अतिक्रमण का जिम्मा है। फिलहाल मैहर थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
जघन्य अपराध की सूचना मिलते ही मैहर एसडीएम सुरेश जाधव, एसडीओपी लोकेश डावर, तहसीलदार जितेंद्र सिंह पटेल मौके पर पहुंचे और परिजनों को कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया। मैहर एसडीओपी लोकेश डावर ने बताया कि सुबह सात बजे लड़की मंदिर की तरफ जा रही थी। इसी बीच आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। नहर के किनारे झाडियों में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

बता दें कि दतिया जिले में दो सगी बहनों से गैंगरेप का मामला सामने आया था। उस मामले के आरोपियों में एक भाजपा नेता का बेटा भी शामिल रहा। पीड़िता के रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया, जिसके बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। सिंगरौली जिले में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। दुष्कर्म के आरोपी के घर पर प्रशासन की जेसीबी चलाई गई। आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। इसके अलावा छतरपुर जिले में एक १८ साल की लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था।

 

 

 

 

अन्य समाचार