जय सिंह /मुंबई
गोरेगांव वनराई पुलिस ने एक ऐसे बलात्कारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसकी २ महीने पहले ही हत्या हो चुकी है। जबकी पुलिस ने मृतक गैंगस्टर के खिलाफ २ दिन पहले ही मामला दर्ज किया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब वह १६ वर्षीया बालिका ७ महीने की गर्भवती निकली।
पुलिस के मुताबिक, आईपीसी एक्ट की धारा ३७६ (२) एन (एक ही महिला से बार-बार रेप करना) के साथ-साथ पॉस्को एक्ट की धारा ४ (पेनेट्रेटिव सेक्सुअल असॉल्ट) और ६ (यौन हमला) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता के पिता के मुताबिक, `मेरी बेटी सिर्फ १६ साल की है और १०वीं क्लास में पढ़ रही है। उसको चार महीने तक मासिक धर्म नहीं हुआ तो मेरी पत्नी ने इस पर ध्यान दिया, इसलिए हम उसे अस्पताल ले गए और डॉक्टर को पता चला कि वह सात महीने की गर्भवती है। अपराधी ने मेरी बेटी को धोखा दिया, वह हमारे क्षेत्र का था और कुछ महीने पहले उसे किसी ने मार डाला था। मैं असहाय महसूस कर रहा हूं। अब मैं क्या कर सकता हूं?’
पीड़ित लड़की के परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और पीड़ित लड़की ने पुलिस को आरोपी का नाम बताया। आरोपी ने पिछले साल पीड़ित लड़की के साथ अलग-अलग जगहों पर कई बार बलात्कार किया था। लड़की ने अपने बयान में कहा कि आरोपी ने उसे धमकी दी थी इस वजह से वह आपबीती के बारे में किसी को बताने से डर रही थी।
आरोपी एक गैंगस्टर के रूप में जाना जाता था और उसका अपने इलाके में हर समय महिलाओं से छेड़छाड़ करने का इतिहास था। सूत्रों ने बताया कि मई में इसी तरह के एक मामले में उसकी हत्या कर दी गई थी।