-एक का शव बरामद, दूसरा अब भी लापता
-प्रॉपर्टी विवाद में हत्या किए जाने का संदेह
सामना संवाददाता / मुंबई
रायगड जिले में तेजी के साथ महामुंबई का विकास हो रहा है। महामुंबई में कई बड़े बिल्डरों के प्रोजेक्ट होने के साथ ही कई परियोजनाएं भी आ रही हैं, ऐसे में प्रॉपर्टी कारोबार जोर-शोर से चल रहा है। लेकिन महामुंबई में प्रॉपर्टी कारोबार जानलेवा साबित होने लगा है। कमीशन या अन्य कई डील को लेकर हत्या जैसे कदम उठाए जाने लगे हैं। इसी बीच नई मुंबई के नेरुल से अचानक लापता हुए दो रियल इस्टेट एजेंट में से एक का शव शुक्रवार को पेण खोपोली मार्ग पर मिलने से खलबली मच गई, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। सूत्रों की मानें तो यह हत्या प्रॉपर्टी डील में किए जाने की संभावना है।
क्या था मामला?
नेरुल के रहने वाले आमिर खान और सुमित जैन बुधवार से ही लापता थे। इस बात की शिकायत नेरुल पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी। इस बीच गुरुवार को मुंबई पुणे एक्सप्रेसवे पर सुमित जैन की कार खून से सनी मिली, जिसके बाद से पुलिस ने जांच तेज कर दी। शुक्रवार दोपहर को लापता प्रॉपर्टी एजेंट सुमित जैन का शव पेण-खोपोली मार्ग पर गागोदे गांव के जंगल में पाया गया, लेकिन आमिर खान का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। सूत्रों की मानें तो किसी प्रॉपर्टी डील के लिए दोनों रायगड की तरफ आए थे। इसी का फायदा उठाकर इस हत्या को अंजाम दिया गया है।
प्रॉपर्टी के कमीशन के लिए पहले भी हुई है हत्या
इसके पहले भी वाशी के रहनेवाले इंदर सिंह को प्रॉपर्टी डील के बाद कमीशन के पैसे देने के लिए खालापुर के पास बुलाया गया। इस दौरान उन्हें कमीशन के पैसे देने की बजाय गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया था। इस घटना के कई दिन बाद पुलिस को शव बरामद हुआ था। इस मामले की जांच करते हुए पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद भी पनवेल के रहने वाले एक प्रॉपर्टी एजेंंट को कमीशन के पैसे को लेकर हत्या करने की कोशिश की गई थी।