आखिरकार, लंबे गैप के बाद अर्जुन तेंदुलकर को आईपीएल में डेब्यु कैप मिल ही गया। अर्जुन और उनके फैंस को जिस दिन का लंबे समय से इंतजार था वह रविवार १६ अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खत्म हो गया। जिस कैप को पहनने का वो दिन-रात सपना देख रहे थे, वो कैप आईपीएल २०२३ के २२वें मुकाबले में उन्हें मिल ही गई। अर्जुन ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल में डेब्यू किया। बता दें कि महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे को मुंबई ने २०२१ में २० लाख रुपए की बेस प्राइस में पहली बार खरीदा था। हालांकि अर्जुन चोट की वजह से २०२१ में लीग से बाहर हो गए थे। २०२२ में मुंबई ने उन्हें फिर खरीदा था, मगर उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिल पाया। उनका पूरा सीजन बेंच पर बैठकर बीता। बता दें कि आईपीएल २०२३ में अर्जुन का इंतजार खत्म हुआ। २ मैच हारने के बाद मुंबई ने उन्हें डेब्यू का मौका दिया। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली, हरभजन सिंह ने अर्जुन को डेब्यू की बधाई दी। गांगुली ने कहा कि मुंबई के लिए अर्जुन को खेलते हुए देखकर अच्छा लगा। चैंपियन पिता को गर्व होगा। हरभजन ने अर्जुन को बधाई देते हुए सचिन तेंदुलकर के लिए कहा कि पाजी के साथ-साथ हमारे लिए भी गर्व वाला पल है। दरअसल, अर्जुन तेंदुलकर को पहली बार मुंबई इंडियंस ने प्लेइंग-११ में शामिल किया है। अर्जुन को आईपीएल के १६वें सीजन के २२वें मुकाबले में खेलने का मौका मिला है।