मुख्यपृष्ठस्तंभढाका टू मुंबई : बांग्लादेशियों का नया ठिकाना नई मुंबई ...एक महीने...

ढाका टू मुंबई : बांग्लादेशियों का नया ठिकाना नई मुंबई …एक महीने में ११८ बांग्लादेशी गिरफ्तार

जय सिंह

देश में बांग्लादेशी घुसपैठियों की धरपकड़ तेज हो गई है, जिस तरह से पुलिस नई मुंबई से इन घुसपैठियों को गिरफ्तार कर रही है, उससे यह पूरी तरह साफ हो गया है कि बांग्लादेशियों के अवैध रूप से घुसपैठ कराने वाले सिंडीकेट के निशाने पर नई मुंबई और ठाणे के ग्रामीण भाग भी इनके अड्डे बनते जा रहे हैं। इसी का एक भाग यह भी है कि अब आप हालात देखिए कि बांग्लादेश से जब बांग्लादेशी चलते हैं तो उनका नाम शरीफुल होता है और यहां आकर वे लोग विजय दास हो जाते हैं। बता दें कि नई मुंबई पुलिस ने पिछले महीने में २० विभिन्न पुलिस स्टेशनों द्वारा की गई कार्रवाई के तहत ११८ बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें ५६ महिलाएं, ५७ पुरुष और पांच बच्चे हैं। हालांकि, अब तक पुलिस इन संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों का सत्यापन पूरा नहीं कर पाई है। इससे यह साबित हो रहा है कि बांग्लादेशियों को हिंदुस्थान में लाकर बसाने वाला सिंडीकेट अब नई मुंबई को अपने निशाने पर रखे हुए है।
बांग्लादेशियों की वजह से अपराध दर में वृद्धि हो रही है। इसका साफ-साफ उदाहरण अभिनेता सैफ अली खान का वह बांग्लादेशी हमलावर है। सूत्रों की मानें तो घुसपैठियों का पता लगाने में नाकाम नई मुंबई पुलिस अब दबाव में कार्रवाई कर रही है। अभी भी नई मुंबई में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से बांग्लादेशी रह रहे हैं। देश में अवैध रूप से रहनेवाले बांग्लादेशियों के खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अभियान शुरू किया है। मुंबई में भी अवैध बांग्लादेशियों का मुद्दा गरमाया था, लेकिन नई मुंबई पुलिस प्रशासन इस दिशा में कुछ खास गंभीर नहीं दिखाई दे रहा है। पिछले दिनों नई मुंबई पुलिस प्रशासन ने मात्र दिखावे की कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रहनेवाले २० बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया था। एपीएमसी बाजार में इस तरह का कोई अभियान नहीं चलाया गया। जबकि विधानसभा चुनाव से पहले माथाड़ी कामगार नेता नरेंद्र पाटील ने यहां पर बड़ी संख्या में अवैध बांग्लादेशियों के होने की बात कही थी। लेकिन नई मुंबई पुलिस ने उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया और न ही एपीएमसी में कोई तलाशी व जांच अभियान ही शुरू किया। पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे ने नई मुंबई के सभी पुलिस स्टेशनों को २१ दिसंबर से बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया था। इसके तहत शहर के विभिन्न इलाकों से ८०० से अधिक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया था। प्रारंभिक जांच से पता चला कि इनमें से ११८ बांग्लादेशी नागरिक नई मुंबई के विभिन्न इलाकों में रह रहे थे। इस ऑपरेशन में नई मुंबई पुलिस बल के अनैतिक मानव तस्करी रोकथाम प्रकोष्ठ और सभी पुलिस स्टेशन स्टाफ की प्रमुख भूमिका रही। अनैतिक मानव तस्करी रोकथाम प्रकोष्ठ के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पृथ्वीराज घोरपड़े के मुताबिक, पुलिस फिलहाल साक्ष्यों की जांच कर रही है। कई संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों ने नई मुंबई मनपा से प्राप्त जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए हैं। यह समूह विभिन्न स्थानों जैसे फेरीवालों, मजदूरों, घरों की सफाई करने वालों और महिलाओं के सर्विस बार में काम करता था। अपराध जांच विभाग के पुलिस उपायुक्त अमित काले के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति बांग्लादेशी नागरिकों को घर किराए पर देता है या उन्हें नौकरी पर रखता है, तो उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करनेवाला आरोपी बांग्लादेशी नागरिक था, जिसे ठाणे शहर के एक लेबर वैंâप से गिरफ्तार किया गया था। इस घटना के बाद ठाणे पुलिस घुसपैठियों के खिलाफ एक्शन मोड में आ गई है। ठाणे शहर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र के भिवंडी, कल्याण, डोंबिवली, उल्हासनगर सहित अन्य क्षेत्रों में बांग्लादेशी नागरिकों की धरपकड़ तेज हो गई है। सोमवार को कल्याण के महात्मा फुले पुलिस ने तीन बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही जनवरी में गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशियों की संख्या बढ़कर १९ हो गई है। ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे ने आदेश दिया है कि विभिन्न परियोजनाओं में काम करने वाले मजदूरों की पूरी छानबीन के बाद ही उन्हें नियुक्त किया जाए। पुलिस थानों में मजदूरों की पूरी जानकारी रखी जाएगी। अभिनेता सैफ पर हमला करने वाले शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद को घोड़बंदर के जंगल से गिरफ्तार किया गया था। हमलावर के बांग्लादेशी होने का खुलासा होने के बाद बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा गरमा गया है। सफाई कर्मचारियों, निर्माण श्रमिकों और अन्य क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों की जांच की जा रही है। १ जनवरी से अब तक १९ बांग्लादेशियों को पकड़ा गया है। १० मामले दर्ज हुए हैं। ६ मामले कल्याण से हैं और चार मामले भिवंडी के हैं. वर्ष २०२४ में भी (१ जनवरी से ३१ दिसंबर २०२४) २८ मामले दर्ज करते हुए ५९ बांग्लादेशी गिरफ्तार किए गए थे। ठाणे पुलिस ने बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई की है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

अन्य समाचार

आया वसंत