मुख्यपृष्ठनए समाचारदेवरिया में दिन दहाड़े नाबालिग छात्राओं के साथ गंदीबात!  

देवरिया में दिन दहाड़े नाबालिग छात्राओं के साथ गंदीबात!  

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

देवरिया में शुक्रवार को दोपहर में स्कूल से परीक्षा देकर साइकिल से घर लौट रहीं दो नाबालिग छात्राओं को रास्ते में रोक कर बाइक सवार शोहदे छेड़खानी करने लगे। शोहदों से अपने को बचाकर दोनों छात्राएं चिल्लाते हुए भागीं। इस दौरान एक बच्‍ची साइकिल समेत खेत में जा गिरी। लड़कियों का शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुचे मगर आरोपी बाइक से भाग निकले। पीड़ित छात्राओं के परिजनों ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है। पुलिस वायरल फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है। घटना तरकुलवां थाना क्षेत्र की है।

एक गांव की दो लड़कियां प्राइवेट स्कूल में कक्षा 5 की छात्रा हैं। शुक्रवार को दोनों छात्राएं स्कूल गई थीं। स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों छात्राएं साइकिल से घर लौट रही थीं। रास्ते में एक बाइक पर सवार चार युवकों ने छात्राओं को घेर लिया और छेड़खानी करने लगे। अचानक हुई इस घटना से लड़कियां घबरा गई। मगर फिर हिम्मत जुटाकर किसी तरह अपने आप को शोहदों के चंगुल से छुड़ाकर चिल्लाते हुए भागी। इस दौरान छात्राओं की साइकिल खेत में गिर गई। लड़कियों का शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख शोहदे बाइक से भाग निकले।

यह पूरी घटना एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि शोहदे छात्राओं के साथ छेड़खानी कर रहे हैं और छात्राएं चिल्लाते हुए भाग रही हैं। पीड़ित छात्राओं के परिजनों ने तरकुलवां थाने में चार अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच पड़ताल में जुटी है। इस संदर्भ में एसपी देवरिया संकेत शर्मा ने बताया कि छात्राओं के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर पर चार अज्ञात युवकों पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।”

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर स्लीपर बस में युवती के साथ गंदी हरकत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि देवरिया में एक मोटरसाइकिल पर सवार चार शोहदों द्वारा सरेराह स्कूल से लौट रही दो नाबालिग लड़कियों को शिकार बनाने की घटना से तहलका मचा गया है। लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा है कि घटना का संज्ञान लिया गया है।

सीसीटीवी के फुटेज से आरोपियों की पहचान करके उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस सक्रिय हो गई है। दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोविंद चौधरी ने कहा है कि पूरे यूपी में खुलेआम कानून की धज्जियां दबंग उड़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार का इकबाल समाप्त हो गया है। इनके राज्य में बेटियां सर्वाधिक असुरक्षित हो गईं हैं। पुलिस जाति देख कर कार्रवाई करती है। जिसके कारण एक बहुत बड़ा समाज खुलेआम अपराध को अंजाम दे रहा है। सरकार और प्रशासन अपनी पीठ बचाने में अपराधियों के सामने सरेंडर कर दिए हैं। यूपी में हर रोज चीर हरण का रिकॉर्ड बन रहा है।

अन्य समाचार