सामना संवाददाता / मुंबई
देशभर में डॉक्टर्स अचानक असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गए हैं। कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल में डॉक्टर की रेप और बर्बर हत्या के बाद अन्य डॉक्टर भी डेंजर जोन में आ गए हैं। दूसरों की जान बचानेवाले डॉक्टर्स पर हमले की खबरें आने लगी हैं। दिल्ली में डॉक्टर पर हमले के बाद अब मुंबई में भी घटी ऐसी घटना ने डॉक्टरों की सुरक्षा पर प्रश्न चिह्न लगा दिया है।
मुंबई के सायन अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि मरीजों के परिजनों ने महिला डॉक्टर के साथ मारपीट की। इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इस घटना ने पूरे डॉक्टरों में चिंता और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। कोलकाता कांड के कारण पहले से ही देशभर में गुस्से की लहर थी और अब मुंबई में हुई इस घटना ने डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग जोर पकड़ रही है। सायन अस्पताल में रविवार तड़के लगभग ३:३० बजे एक महिला डॉक्टर के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना घटी। शराब के नशे में चोट लगे एक मरीज को अस्पताल लाया गया था। उसे महिला डॉक्टर के पास इलाज के लिए भेजा गया। इलाज के दौरान मरीज ने डॉक्टर के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। महिला डॉक्टर ने जब खुद का बचाव करने की कोशिश की तो उनके हाथ में चोट लग गई। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए डॉक्टर के साथ मारपीट भी की। बाद में सुबह ७ बजे सायन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। इस पूरी घटना के संबंध में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसी तरह पिछले सितंबर में दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में एक डॉक्टर पर मरीज ने स्क्रू ड्राइवर से हमला कर दिया था।