देश के उत्तर-पूर्वी राज्य असम में इन दिनों भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचाकर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य में बाढ़ से अब तक ८८ लोगों की जान जा चुकी है। राज्य की सभी नदियां इस वक्त उफान पर हैं और एक आंकड़े के मुताबिक अब तक करीब ५५ लाख से ज्यादा लोग बेघर हो चुके हैं। इस पर राज्य के उभरते हुए युवा क्रिकेटर रियान पराग ने सोशल मीडिया के माध्यम से चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से मदद की गुहार लगाई है। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलनेवाले इस युवा खिलाड़ी रियान पराग ने ट्वीट कर लिखा, ‘अगर आप असम की चाय पर जश्न मना सकते हैं तो आपको असम में आई बाढ़ पर भी चिंतित होना चाहिए। कई लोग बेघर हो गए हैं और कई घर तहस-नहस हो चुके हैं। कई सपने चकनाचूर हो गए। जल्दी ठीक हो जाओ मेरे प्यारे असम। छोटी-से-छोटी मदद भी मायने रखती है। जय हिंद!’ बता दें कि २० वर्षीय रियान ने भी मुख्यमंत्री राहत कोश में एक लाख रुपए दान में दिए थे और उन्होंने बाकी लोगों से भी राज्य में इस विपदा के समय मदद देने की गुहार लगाई है। असम में इन दिनों मानसून समय पर पहुंच चुका है और राज्य में लगातार भारी बारिश हो रही है। इसके चलते ज्यादा इलाके जलमग्न हो चुके हैं और भूस्खलन के चलते भी जान-माल का काफी नुकसान हो रहा है। लोगों को अपना घर छोड़कर राहत शिविरों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।