मुख्यपृष्ठनए समाचारसूखे मेवे की कीमतों में लगी आग! ...नारियल के दाम हुए दोगुने,...

सूखे मेवे की कीमतों में लगी आग! …नारियल के दाम हुए दोगुने, बादाम, काजू, अखरोट, अंजीर की कीमतें २० फीसदी बढ़ीं

सुनील ओसवाल / मुंबई
सर्दी शुरू होते ही पौष्टिक लड्डुओं और सूखे मेवों की खरीदारी बढ़ जाती है। सप्ताहभर से सूखे मेवे और पौष्टिक लड्डुओं की मांग भी बढ़ गई है। इस साल ड्राई प्रâूट्स की कीमतें १५ से २० फीसदी बढ़ गई हैं। कम उत्पादन और अधिक मांग तथा कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि के कारण इन सभी सामग्रियों की कीमतों में वृद्धि हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार काजू, बादाम, गोंद, अंजीर और गोदांबी की कीमतों में औसतन १५ से २० फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल १५० से १६० रुपया वाला सूखा नारियल ३०० से ३५० रुपए प्रति किलो बिक रहा है। इसका मतलब है कि दरें औसतन दोगुनी हो गई हैं। इसके अलावा, अंजीर की कीमत १,००० से १,२०० रुपए प्रति किलोग्राम थी, वर्तमान में १,४०० से १,६०० रुपए प्रति किलोग्राम है। गोंद के लड्डू और पौष्टिक लड्डू बनाने के लिए छुहारा, नारियल, काजू, बादाम, किशमिश, अंजीर, गोदांबी, मेथी की जरूरत होती है। पौष्टिक लड्डुओं के लिए जरूरी गोंद और छुहारा, गोदांबी की कीमतें भी इस साल बढ़ गई हैं। छुहारा और गोदांबी खाड़ी देशों से आते हैं। इस साल वहां भारी बारिश होने के कारण ये फसलें खराब हो गईं और उत्पादन घट गया। इसके परिणामस्वरूप कीमतों में वृद्धि हुई।
काजू पिछले साल ८०० रुपए प्रति किलो था, वह इस साल १,१०० रुपए प्रति किलो है। अच्छी क्वालिटी के मेवे १,२०० रुपए में मिल रहे हैं, जबकि ७०० रुपए किलो वाला बादाम ९०० रुपए तक पहुंच गया। नमकीन पिस्ता १,२०० रुपए किलो तक है। छुहारा ३०० रुपए प्रति किलो है। गोदांबी भी महंगी है। गवारानी गम की कीमत इस साल २० फीसदी बढ़कर १,४०० से १,८०० रुपए हो गई है। सादा गोंद गुणवत्ता के आधार पर २०० रुपए से लेकर ८०० रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है।

अन्य समाचार