मुख्यपृष्ठनए समाचारमहाकुंभ के कारण बिहार के कैमूर में बहत्तर घंटों से महाजाम...आठ घंटे...

महाकुंभ के कारण बिहार के कैमूर में बहत्तर घंटों से महाजाम…आठ घंटे से हिला तक नहीं है वाहनों का पहिया

अनिल मिश्र / पटना

बिहार प्रदेश के कैमूर जिले के कुदरा के पास एनएच-19 के दोनों लेन में मंगलवार से ही भारी जाम है। बुधवार की सुबह भी स्थिति वही थी। गाड़ियों का पहिया हिलने का नाम नहीं ले रहा है। मौनी अमावस्या के मौके पर कुंभ स्नान करने जा रहे हजारों लोग बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा पर पिछले 72 घंटों से महाजाम में फंसे हुए हैं। प्रयागराज में मची भगदड़ के बाद हालात और गंभीर हो गए हैं। 29 जनवरी की सुबह से यूपी जानेवाली गाड़ियों को कई जगहों पर रोके जाने से जाम और लंबा होता जा रहा है। बिहार के कैमूर से मिल रही जानकारी के अनुसार, महाजाम करीब 70 किमी लंबा हो चुका है और लोग करीब 72 घंटे से इस जाम में फंसे हुए हैं। मजबूरी में लोगों को पैदल ही जाम से निकलकर बाहर आते देखा जा सकता है। जाम क्यों लगा है, यह भी पता नहीं चल रहा है। आठ घंटे से एक भी गाड़ी का पहिया हिला तक नहीं है।
कैमूर जिले के कुदरा के पास एनएच-19 के दोनों लेन में मंगलवार से ही जाम है। बुधवार की सुबह भी स्थिति वही थी। गाड़ियों का पहिया हिलने का नाम नहीं ले रहा है। जाम में एंबुलेंस का भी निकलना मुश्किल है। पुलिस-प्रशासन की टीम जाम समाप्त कराने के लिए तैनात है, लेकिन स्थिति भयावह है। दोनों लेन में इस तरह गाड़ियां घुस गई हैं कि पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। कुदरा थाने के पुलिसकर्मी ललन कुमार ने बताया कि कुंभ मेले को लेकर दोनों लेन जाम है। एक लाइन को क्लियर कराया जा रहा है। जगह-जगह पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जानकारी के अनुसार, इस जाम में कोई 12 तो कोई 72 घंटों से फंसा है। कुछ लोगों ने बताया कि उनके वाहन का पहिया एक इंच भी नहीं हिला है। एक बस चालक ने बताया कि 30 पैसेंजर को लेकर वे कुंभ जा रहे थे। मंगलवार सुबह से ही जाम में फंसे हैं। 12 घंटे में अब तक 50 किलोमीटर का ही सफर तय कर पाए हैं। दोनों लेन जाम है। एक व्यक्ति ने बताया आसनसोल से चंदौली जाने के लिए वे अपने साधन से चले हैं। तीन दिन से जाम में फंसकर कुदरा पहुंचे हैं।दोनों लेन जाम हैं। कोलकाता से दिल्ली जा रहे ट्रक चालक ने कहा कि तीन दिन से जाम में फंसा हूं। जाम नहीं होता तो मैं दिल्ली पहुंच गया होता। अपनी गाड़ी खाली कर दोबारा लोड कर लिया होता।

अन्य समाचार