सामना संवाददाता / मुंबई
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में कोई कहीं नहीं जा रहा है। इसके साथ कोई टूटेगा भी नहीं, ऐसा खुद शरद पवार ने कहा है। इसलिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का कोई भी नेता भाजपा में नहीं जाएगा, ऐसा राकांपा विधायक शशिकांत शिंदे ने स्पष्ट किया है। शिंदे गुट के १६ विधायक शत-प्रतिशत अयोग्य घोषित होंगे और इसके कारण यह सरकार बर्खास्त होगी, ऐसा दावा भी शिंदे ने किया है।
कल सातारा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक शिंदे ने कहा कि शिंदे गुट के १६ विधायक अवश्य अयोग्य घोषित होंगे और ईडी सरकार बर्खास्त होगी। अब यह सरकार अस्थिर होने के कारण यह होगा, वह होगा, इस तरह की अफवाह पैâलाई जा रही है। अगर उनमें दम है तो लोकतंत्र के माध्यम से चुनाव घोषित करें, परंतु वे ऐसा नहीं कर सकते हैं क्योंकि उन्हें विश्वास नहीं है। यहां तक कि दिल्ली में उनके सिस्टम को भी सूचना मिली है कि उनके दस से बारह विधायक ही निर्वाचित होंगे। अगर राष्ट्रपति शासन लागू करना है तो छह महीने पहले करना होगा। लोकसभा का कार्यकाल एक साल और बचा है, जबकि विधानसभा का कार्यकाल डेढ़ साल का है। इसलिए राष्ट्रपति शासन नहीं लगाया जा सकता है। इसीलिए वे सत्ता का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं, ऐसा आरोप शिंदे ने लगाया है।