सामना संवाददाता / अंबाला
शंभू बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन को कल पूरे २०० दिन हो गए हैं। इस मौके पर किसान संगठन शंभू बॉर्डर पर विशेष रूप से इकट्ठा हुए। आयोजन में ओलिंपिक खिलाड़ी विनेश फोगाट भी पहुंची।
शंभू में हो रहे इस आंदोलन के दौरान विनेश फोगाट ने किसानों की मांगों को लेकर केंद्र सरकार को ज्यादा गंभीर रुख अपनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि अपना अधिकार हासिल करने के लिए आवाज उठाना कोई गलत नहीं है। यह प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है। उधर फोगाट के कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की अटकलें भी लगाई जा रहीं हैं। किसान संगठन- भारतीय किसान यूनियन, क्रांतिकारी गैर-राजनीतिक और किसान मजदूर मोर्चा के सदस्यों ने विनेश फोगाट का विशेष रूप से सम्मान भी किया। विनेश फोगाट शंभू के बाद खनौरी, संगरूर में आयोजित हो रहे किसानों के कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगी। इस मौके पर जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि अगर कांग्रेस उन्हें टिकट देती है तो क्या वो हरियाणा से विधानसभा चुनाव लड़ेंगी तो इसका जवाब देते हुए विनेश फोगाट ने कहा कि मैं इस विषय पर कुछ नहीं बोलूंगी। मैं राजनीति पर बात नहीं करूंगी। मैं अपने परिवार के पास आई हूं। अगर आप इस बारे में बात करेंगे तो आप उनके संघर्ष और लड़ाई को बर्बाद कर देंगे।