मुख्यपृष्ठअपराधघाटकोपर के 'हेडक्वार्टर' में मारपीट...एक की मौत...बार मैनेजर समेत ८ गिरफ्तार

घाटकोपर के ‘हेडक्वार्टर’ में मारपीट…एक की मौत…बार मैनेजर समेत ८ गिरफ्तार

सामना संवाददाता / मुंबई

घाटकोपर-पूर्व के एक बार में मैनेजर और वेटर द्वारा की गई पिटाई से ४० वर्षीय व्यक्ति की मौत होने का मामला सामने आया है। पंतनगर पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर मैनेजर और ८ वेटरों को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता किरण लालन (६१) और उसके बेटे हर्ष लालन (४०) काम के लिए घाटकोपर गए थे और वे ‘हेडक्वार्टर बार एंड रेस्टोरेंट’ के मालिक को जानते थे, इसलिए वे उनसे मिलने वहां पहुंचे थे। उस समय हर्ष ने बार मैनेजर से मालिक के बारे में पूछा। इससे नाराज मैनेजर हर्ष से बहस करने लगा। उसके बाद मैनेजर और वहां मौजूद ८ वेटरों ने मिलकर हर्ष को लात-घूंसों से पीटा। पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा गया है कि इस पिटाई में मृतक के पिता भी घायल हुए हैं। उस समय जब शिकायतकर्ता किरण लालन अपने बेटे को बचाने वहां गए तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। गंभीर रूप से घायल हर्ष को डॉक्टर के पास ले जाया गया। वहां इलाज के बाद हर्ष की नींद में ही मौत हो गई। किरण लालन ने इस संबंध में तिलक नगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन मामला पंतनगर थाने के अंतर्गत आता है, इसलिए इसे पंतनगर पुलिस को सौंप दिया गया है। इस बीच पुलिस ने बार मैनेजर संतोष शेट्टी (४२), वेटर शाहिद अंसारी, पट्टूस्वामी गौड़ा, भगवान सिंह, सुनील रवानी, राजेश यादव, अमर पाटिल और सोहेल हुसैन को गिरफ्तार कर आगे की जांच कर रही है।

अन्य समाचार