सैफ चैंपियनशिप के अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को ४-० से धूल चटा दी। दोनों टीमों का यह दिलचस्प मुकाबला बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम पर हुआ। टीम इंडिया हाफ टाइम तक पाकिस्तान पर दो गोल दाग चुकी थी। टीम के लिए ये दोनों गोल कप्तान सुनील छेत्री ने किया। सुनील छेत्री ने मैच में कुल मिलाकर तीन गोल कर हैट्रिक पूरी की।
कोच से भिड़े पाकिस्तानी
४५वें मिनट में हिंदुस्थानी कोच की भिड़ंत पाकिस्तानी खिलाड़ी से हो गई। पाकिस्तान का खिलाड़ी जब थ्रो इन ले रहा था, तभी हिंदुस्थानी कोच इगोर स्टिमैक ने गेंद को हाथ मार दिया। इसके बाद पाकिस्तान का यह खिलाड़ी आकर स्टिमैक से भिड़ गया। फिर हिंदुस्थानी खिलाड़ी भी आ गए और काफी धक्का-मुक्की हुई। हालांकि, मामला शांत होने के बाद मैच रेफरी ने हिंदुस्थानी कोच को रेड कार्ड दिखाया, वहीं पाकिस्तानी कोच को येलो कार्ड दिया गया। इसके साथ ही टीम इंडिया के डिफेंडर संदेश झिंगन और पाकिस्तान के मिड फील्डर राहिस नबी को भी येलो कार्ड दिखाया गया। सुनील छेत्री के पास पहले ही हाफ में हैट्रिक पूरा करने का मौका था। ३०वें मिनट में पाकिस्तान के खिलाड़ी ने बॉक्स के पास ही फाउल कर दिया। मोहम्मद उमर हयाद को येलो कार्ड मिला और हिंदुस्थान को फ्री किक। कप्तान छेत्री ने किक लिया लेकिन बॉल पोस्ट पर नहीं रख पाए। भारतीय टीम ने १०वें मिनट में पहला और १५वें मिनट में दूसरा गोल किया। पाकिस्तान के डिफेंडर ने बॉक्स में गलती की और इसकी वजह से पेनल्टी मिली। कप्तान सुनील छेत्री ने गोल कर टीम की बढ़त २-० की कर दी। टीम इंडिया ने दोनों गोल ५ मिनट के अंतराल पर किया। २ गोल दूसरे हाफ में हुए। टीम इंडिया की ओर से चौथा गोल उदांता सिंह ने ८१वें मिनट में किया। सैफ चैंपियनशिप में टीम इंडिया ८ बार विजेता रही है, जबकि पाकिस्तानी टीम अभी तक फाइनल में एक बार भी जगह नहीं बना पाई है।