सामना संवाददाता / मुंबई
केंद्र सरकार ने मछली पालन व्यवसाय को कृषि व्यवसाय के रूप में मान्यता दी है। इस व्यवसाय को बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार राज्य सरकार के मत्स्य व्यवसाय विभाग ने १०० दिनों की एक योजना तैयार की है। इस योजना के तहत राज्य में मीठे पानी में विदेशी मछली पालन के लिए बड़ी संभावनाएं हैं। वर्तमान में इस मछली पालन में वृद्धि करने के लिए एक नीति तय की जानी चाहिए। इसके साथ ही मछली बीज की उपलब्धता को बढ़ाने के लिए भी नीति तैयार की जाए। यह निर्देश मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिए। गत दिनों सह्याद्रि अतिथिगृह में मत्स्य व्यवसाय विभाग की १०० दिनों की योजना की मुख्यमंत्री फडणवीस ने विस्तृत समीक्षा करते हुए उक्त निर्देश दिए। फडणवीस ने कहा कि विदेशी मछली पालन को बढ़ावा देना आवश्यक है। मीठे पानी में मछली पालन के लिए मछली बीज की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। बीज की उपलब्धता बढ़ाने के लिए लक्षित प्रयास किए जाएं।