मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
बरेली में एक जालसाज युवक ने पुलिस की वर्दी पहने कर दर्जन भर महिला पुलिसकर्मियों को शिकार बनाया। जब उसका शिकार बनी एक महिला सिपाही ने हिम्मत दिखायी तब जालसाज पुलिस के हत्थे चढ़ा है। मामला खुलने के बाद ऊपर से लेकर नीचे तक पुलिस महकमा इस बात से हैरत में है कि इस जालसाज के बिझाये जाल में कैसे एक के बाद एक वर्दी वाली महिलाएं ही खुद फंसती चली गईं। अभी तक की जानकारी के अनुसार एक दो नहीं बल्कि 12 महिला पुलिसकर्मी उसके जालसाजी का शिकार बनी। इस शातिर अपराधी का नाम है राजन वर्मा इसके कारनामों की परतें जब खुलनी शुरू हुई तो थमने का नाम ही नहीं ले रही है।
जांच में यह बात सामने आई है कि राजन ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर इन महिला कर्मियों को अपने चंगुल में फंसाया और फिर इनके साथ न केवल नाजायज संबंध बनाए बल्कि इनसे लाखों रुपए भी ऐठें। हालांकि इसे पाप का घड़ा भी एक महिला कर्मी ने ही खोला, जिसके बाद इसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि लखीमपुर खीरी के निवासी राजन वर्मा नाम के शख्स ने पुलिसवालों से धोखा खाने के बाद ऐसा बदला लेना शुरू किया। उसने 12 महिला सिपाहियों को एक-एक कर अपने जाल में फंसाया और उनसे अनैतिक संबंध बनाकर लाखों रुपये ऐंठता चला गया। बरेली के एक थाने में तैनात महिला पुलिसकर्मी के साथ जब राजन ने यही हरकत की तो उसने सबक सिखाने की ठान ली। महिला सिपाही ने राजन के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने राजन को गिरफ्तार कर लिया है। बरेली में सीओ सिटी प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर है। उसके खिलाफ लखीमपुर में पहले से ही कुछ मुकदमे दर्ज हैं। उसने कई महिला पुलिसकर्मियों को धोखा दिया है लेकिन एफआईआर बरेली की महिला सिपाही ने ही दर्ज कराई है। उसके मोबाइल में वर्दी पहने कई फोटो मिले हैं।