सामना संवाददाता / मुंबई
जलगांव जिला दूध संघ में हुए कथित भ्रष्टाचार मामले में दूध संघ के पूर्व अध्यक्ष मंदा खडसे के विरोध में मामला दर्ज किया जाएगा। ऐसा संकेत उच्च शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन ने मीडिया से बातचीत करते हुए दिया था। दूध संघ के पूर्व सदस्य ने अब तक पैसा नहीं भरा है इसलिए आगामी दो-तीन दिन में मामला दर्ज किया जाएगा, ऐसा कहते हुए महाजन ने अप्रत्यक्ष रूप से खडसे पर टिप्पणी की थी। इस बीच एकनाथ खडसे ने गिरीश महाजन पर जोरदार शब्दों में टिप्पणी की है। गिरीश महाजन को मेरे नाम की मानसिक बीमारी हुई है। रात-दिन, सोते-उठते उन्हें केवल एकनाथ खडसे दिखाई देते हैं। जलगांव जिला दूध संघ में गैर व्यवहार हुआ है। इसकी शिकायत मैंने स्वयं की थी। लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण मेरी शिकायत पर अब तक कार्रवाई नहीं की गई। मेरी शिकायत पर अगर मामला दर्ज किया गया तो आर्थिक भ्रष्टाचार सही मायने में किसने किया, यह स्पष्ट हो जाएगा, ऐसी प्रतिक्रिया एकनाथ खडसे ने दी है। मूल रूप से इस मामले में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। कुछ अनियमितता हो सकती है और अनियमितता करनेवालों को दंडित किया जाएगा लेकिन सत्ता में आने के बाद भाजपा विपक्ष के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करने की कोशिश कर रही है, ऐसा खडसे ने कहा।
गिरीश महाजन ने क्या कहा था?
गत मंगलवार को जलगांव बाजार समिति के चुनाव के संदर्भ में भाजपा एवं शिंदे गुट की बैठक संपन्न हुई थी। इस बैठक में मंत्री गिरीश महाजन भी उपस्थित थे। बैठक के बाद गिरीश महाजन ने मीडिया से बातचीत करते हुए जलगांव जिला दूध संघ में हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर अप्रत्यक्ष रूप से खडसे पर टिप्पणी की थी। जलगांव जिला दूध संघ में साढ़े पांच करोड़ का घोटाला होना गंभीर बात है। बैठक में जिला दूध संघ के अध्यक्ष विधायक मंगेश चव्हाण ने संबंधित वर्तमान और पूर्व सदस्यों को पैसे भरने का सुझाव दिया है। पैसे न भरने पर मजबूरन दो-तीन मामला दर्ज किया जाएगा, ऐसा उन्होंने कहा था।