सामना संवाददाता / मुंबई
आगामी लोकसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन कर मोदी सरकार को दोबारा सत्ता में लाने के लिए प्रतिबद्ध भाजपा ने एक सर्वे सीरीज शुरू की है। महाराष्ट्र में भले ही २०१४ और २०१९ में मिली शानदार जीत को २०२४ में दोहराने के लिए अनुकूल माहौल है, लेकिन सर्वेक्षण में एक चौंकानेवाली बात यह भी सामने आई है कि शिंदे गुट में कुछ चेहरों को बदलना होगा। मिली जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी पार्टी शिंदे गुट को मौजूदा चौदह में से पांच से आठ चेहरों को बाहर कर नए चेहरों की तलाश करनी होगी। दिलचस्प बात यह है कि इनमें उत्तर महाराष्ट्र के दो लोग शामिल हैं।
अगला लोकसभा चुनाव अप्रैल २०२४ में होना है। पिछले दो चुनावों में मोदी के नेतृत्व का करिश्मा साबित करने के बाद भाजपा इसे दोहराने के लिए प्रतिबद्ध है। २०१९ में, भाजपा ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में शिवसेना के साथ महाराष्ट्र में ४१ सीटें जीती थीं। शिवसेना और राकांपा विधायकों के भाजपा के साथ सत्ता में शामिल होने के बाद भाजपा की स्थिति क्या है, इसका सर्वेक्षण समय-समय पर भाजपा द्वारा कराया जाता है। आनेवाले पांच महीने में होनेवाले लोकसभा चुनाव में जनता का मूड क्या है? भाजपा ने सर्वे के जरिये यह जानने की कोशिश की। सर्वेक्षण के अनुसार, ४२ लोकसभा क्षेत्र के लोग स्थानीय सांसदों से नाराज हैं। भाजपा के इस सर्वे ने शिंदे गुट के पांच से आठ सांसदों की नींद उड़ा दी है। संबंधित सांसदों के क्षेत्रों में किए गए काम, आम जनता की नाराजगी आदि मुद्दे भाजपा के मंसूबों पर पानी फेर सकती हैं।
बताया जा रहा है कि भाजपा ने यह बात एकनाथ शिंदे तक पहुंचा दी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सर्वे में डेंजर जोन में आने वाले सांसद सात हैं, जिनमें विदर्भ और उत्तरी महाराष्ट्र से दो-दो और मराठवाड़ा और मुंबई से एक-एक सांसद शामिल हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आखिर शिंदे और भाजपा इस पर क्या फैसला लेती है? भाजपा के सर्वे में मुद्दों पर गौर करें तो शिंदे गुट के विदर्भ में कृपाल तुमाने (रामटेक), भावना गवली (वाशिम-यवतमाल), प्रतापराव जाधव (बुलढाणा), हेमंत गोडसे (नासिक) और उत्तर महाराष्ट्र में सदाशिव लोखंडे (शिरडी), हेमंत पाटील (हिंगोली), मुंबई से राहुल शेवाले (दक्षिण मध्य मुंबई) और गजानन कीर्तिकर (उत्तर पश्चिम मुंबई) का समावेश है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि शिंदे के साथ गए इन सांसदों को वे वैâसे समझाएंगे।