अमेरिका में मौजूद अवैध प्रवासी भारतीयों को लगातार भारत वापस भेजा जा रहा है। गौरतलब है कि डिपोर्टेशन के दौरान लोगों के हाथों में हथकड़ियां और पैरों में बेड़ियां डाली जाती हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस घटना पर विपक्षी सांसदों ने चिंता जाहिर की और सरकार से सवाल भी पूछे। इसी बीच व्हाइट हाउस ने हथकड़ियों में बंधे अवैध प्रवासियों का एक नया वीडियो पोस्ट किया है और एक बार फिर भारत को चिढ़ाया है। व्हाइट हाउस के आधिकारिक पेज पर पोस्ट किए गए ४१ सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि डिपोर्ट किए जाने वाले प्रवासियों को तैयार किया जा रहा है। डिपोर्ट किए जाने वाले एक प्रवासी को तैयार करते पुलिस अधिकारी को देखा जा सकता है।
वीडियो में अधिकारी प्रवासी शख्स को हथकड़ियां लगा रहा है। एयरपोर्ट पर हथकड़ियां और चेन रखी देखी जा सकती है। वीडियो में किसी शख्स का चेहरा नहीं दिखाया गया है, लेकिन वीडियो में देखा जा सकता है कि लोगों के हाथ और पैरों को चैन से बांधा गया। एक क्लिप में देखा जा सकता है कि एक शख्स प्लेन में चढ़ रहा है। उसके पैरों में बेड़ियां बंधी हुई है। व्हाइट हाउस द्वारा इस वीडियो को जारी कर एक बार फिर भारतीयों को चिढ़ाया जा रहा है। बता दें कि कुछ दिनों पहले अमेरिकी सैन्य विमान से ११२ अप्रवासी भारतीयों को डिपोर्ट किया गया। ट्रंप शासन में वापस भेजे अवैध प्रवासी भारतीयों का यह तीसरा जत्था है। इससे पहले दूसरी खेप में ११६ लोगों को और पहले जत्थे में १०४ लोगों को अमेरिका से भारत भेजा गया।
जंजीरों से जकड़े हिंदुस्थानियों का वीडियो देख हंसे बेशर्म मस्क
व्हाइट हाउस ने `एक्स’ पर हथकड़ियों -जंजीरों से बंधे निर्वासितों का एक वीडियो शेयर कर लिखा, `एएसएमआर: अवैध एलियन डिपोर्टेशन फ्लाइट,`जिस पर एलन मस्क ने रिएक्ट किया है। मस्क ने वीडियो में बंधे हुए लोगों का मजाक बनाते हुए लिखा, `हाहा..वाव।’ मस्क के इस रिएक्शन पर यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा। एक यूजर ने लिखा, `तुम घटिया हो।’