मुख्यपृष्ठस्तंभमेहनतकश : समाजसेवा को बनाया जीवन का लक्ष्य 

मेहनतकश : समाजसेवा को बनाया जीवन का लक्ष्य 

सगीर अंसारी

इंसान के दिल में अगर समाजसेवा करने का जज्बा हो तो उसे कोई नहीं रोक सकता है। यह जरूरी नहीं कि पैसा ही सब कुछ होता है, मेहनत से भी समाजसेवा की जा सकती है। गोवंडी में पैदा होने वाले आजम शेख भी ऐसे ही इंसान हैं, जिन्होंने समाजसेवा के चलते अपनी अलग पहचान बनाई। दसवीं में पढ़ने के बाद आजम शेख पेस्टनजी आइसक्रीम कंपनी में काम करने लगे, लेकिन समाजसेवा का काम भी जारी रखा। लोगों की सेवा के लिए स्थानीय नौजवानों के साथ मिलकर उन्होंने ‘एकता मित्र मंडल’ का गठन किया, जिसके अध्यक्ष आज भी आजम शेख हैं। वे बताते हैं कि इनके पिता नसरुल्लाह शेख वर्ष १९५० में उत्तर प्रदेश के उतरौला जिले से रोजगार के लिए आए और फिर मुंबई के ही होकर रह गए। तीन भाइयों में सबसे छोटे आजम शेख का कहना है कि बचपन से ही उन्होंने लोगों की परेशानी देखी, इसी वजह से समाजसेवा की भावना उनके मन में जन्म लिया। वे अक्सर अपने हिस्से का खाना भी किसी भूखे बुजुर्ग को खिलाकर खुश हो जाते थे। वर्ष २००४ में आजम शेख के परिवार ने उनकी शादी कर दी। शादी के बाद इनके दो बच्चे हुए। एक लड़का और एक लड़की। आजम शेख ने न केवल अपने बच्चों बल्कि दूसरों के भी बच्चों के लिए हरसंभव प्रयास करते।  आजम शेख गरीबों की मदद के लिए कई दिनों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर भी काटते थे। इनके इसी जज्बे को देखते हुए कई स्थानीय नौजवान आगे आए और आजम शेख के साथ जुड़े। इसी तरह से उनका कारवां बढ़ता गया। आजम शेख ने गरीबों की मदद के लिए एक और कदम बढ़ाते हुए वर्ष २००० में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से जुड़े और पार्टी के नेताओं को इलाके के हालात से अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने गरीबी रेखा से नीचे रहनेवाले लोगों तक अपनी पहुंच बनाई और उनकी समस्याओं को लेकर अपनी लड़ाई शुरू की। हालांकि, लड़ाई में उन्हें काफी तकलीफों का भी सामना करना पड़ा, इसके बावजूद एक अच्छे खिलाड़ी की तरह वे मैदान में डटे रहे। आजम शेख की इस काबिलियत को देखते हुए राकांपा ने उन्हें राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस का तालुका अध्यक्ष बनाया और फिर उन्हें बेसिक सेल का वॉर्ड अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया। आजम शेख को पार्टी के उच्च पदाधिकारी का भरपूर समर्थन मिला, जिससे उन्हें अपने मिशन को आगे बढ़ाने के लिए भरपूर मदद मिली। मेहनत की वजह से समाज में अपनी अलग पहचान बनानेवाले आजम शेख ‘सादा जीवन उच्च विचार’ के साथ अपने परिवार की हर जरूरत को पूरा करके आम लोगों की मदद के लिए सदैव तैयार रहते हैं।

अन्य समाचार