मुख्यपृष्ठनए समाचारमेहनतकश : कोशिश करनेवालों की कभी हार नहीं होती...

मेहनतकश : कोशिश करनेवालों की कभी हार नहीं होती…

 आनंद श्रीवास्तव

लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती
कोशिश करनेवालों की हार नहीं होती
नन्हीं चींटी जब दाना लेकर चलती है
चढ़ती दीवारों पर, सौ बार फिसलती है
मन का विश्वास रगों में साहस भरता है
चढ़कर गिरना, गिरकर चढ़ना न अखरता है
आखिर उसकी मेहनत बेकार नहीं होती
कोशिश करनेवालों की हार नहीं होती
सुमन नगर के स्लम एरिया में रहनेवाली राशि खरविलकर के लिए उपरोक्त पंक्तियां बिल्कुल सटीक बैठती हैं। चुनाभट्टी स्थित एल के हाईस्कूल में दसवीं में ९४.८० प्रतिशत अंक लाकर राशि ने सभी को दिखा दिया कि परिस्थिति कभी सफलता के आड़े नहीं आती है। जी हां, राशि ने अपनी कड़ी मेहनत से यह बात साबित कर दिखाई है। जब वे छोटी थीं, तब उनके पिता दीपक खरविलकर का देहांत हो गया था। उसके बाद उनकी मां किरण खरविलकर ने अकेले अपनी बच्ची का पालन-पोषण किया। उनकी मां दिनभर दूसरों के घर में काम करती थीं। इस काम से उन्हें जो भी पैसे मिलते थे उसी से वे घर खर्च और बच्चों की पढ़ाई का खर्च चलाती थीं। आज राशि अपनी मां की मेहनत, त्याग और समर्पण को खूब समझती हैं। इसलिए वह भी दिल लगाकर अपनी आगे की पढ़ाई कर रही हैं। राशि पढ़ाई के साथ-साथ खुद के घर का सारा काम कर मां का हाथ बटाती हैं। राशि की पढ़ाई में उनकी बहन साक्षी उनकी मदद करती हैं। राशि बताती हैं कि उनका स्कूल दोपहर का था, वे सुबह और रात को पढ़ाई करती थीं, लेकिन स्लम एरिया होने की वजह से आस-पास बहुत शोर-शराबा होता था। इस शोर-शराबे की वजह से पढ़ाई नहीं हो पाती थी। तब राशि ने रात को जागकर पढ़ाई करना शुरू किया। राशि की मां हमेशा अपनी बेटी की पढ़ाई को पूरा करने में उसकी मदद करने के साथ ही उसका हौसला बढ़ाती हैं। यदि वे कभी बीमार हो जाएं तो भी वे राशि को नहीं बताती थीं। वह सोचती थीं कि बीमारी की बात सुनकर कहीं राशी का ध्यान पढ़ाई से न भटक जाए। राशि भी इन बातों को खूब समझती हैं, इसलिए वे भी मन लगाकर पढ़ाई करती थीं, जिसका नतीजा यह हुआ कि राशि ने अपने क्षेत्र में सबसे ज्यादा ९४.८ प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी मां का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। राशि की इसी उपलब्धि के लिए सुमन नगर के रहिवासियों ने राशि को सार्वजनिक तौर पर सम्मानित किया।

(यदि आप भी मेहनतकश हैं और अपने जीवन के संघर्ष को एक उपलब्धि मानते हैं तो हमें लिख भेजें या व्हाट्सऐप करें।)

अन्य समाचार