- शोभा यात्रा में शामिल हुए थे भाजपा सांसद
- आगजनी और पथराव के बाद भड़की हिंसा
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल में रामनवमी के दिन शुरू हुआ बवाल थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। पहले हावड़ा में हिंसा हुई और अब हुगली सुलगने लगा है। पश्चिम बंगाल में हिंसा के पैटर्न को देखते हुए राजनीति के जानकारों को आशंका है कि कहीं यह ‘गूगली’ २०२४ के लिए किसी खास मिशन के तहत तो नहीं फेंकी जा रही है? ऐसा इसलिए क्योंकि दोनों जगहों पर कार्यक्रम में भाजपा के नेता शामिल थे। हुबली में तो भाजपा सांसद दिलीप घोष कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
बता दें कि कल रविवार २ अप्रैल को एक बार फिर हिंसा भड़क गई। हुगली में भाजपा की शोभा यात्रा के दौरान जमकर आगजनी और पथराव हुआ। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद दिलीप घोष के रिशरा में कार्यक्रम में बवाल हुआ। हुगली में रामनवमी के बाद ये कार्यक्रम हुआ था। भाजपा सांसद दिलीप घोष का कहना है कि शोभा यात्रा के दौरान महिलाओं और बच्चों पर पथराव किया गया है। हावड़ा हिंसा के बाद भी राज्य सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। अभी भी पथराव किया जा रहा है और वाहनों में तोड़फोड़ की जा रही है।
इससे पहले रामनवमी के दिन पश्चिम बंगाल के हावड़ा शहर के काजीपाड़ा इलाके में हिंसा हुई थी। घटना तब हुई जब शोभायात्रा काजीपाड़ा इलाके से गुजर रही थी। हिंसा के दौरान कई दुकानों और ऑटो-रिक्शा में तोड़-फोड़ की गई, जबकि कुछ पुलिस वाहनों सहित कई कारों में आग लगा दी गई थी। मुख्यमंत्री बनर्जी ने आरोप लगाया था कि हावड़ा में हुई हिंसा में भाजपा और बजरंग दल जैसे अन्य दक्षिणपंथी संगठन हथियारों के साथ शामिल थे। उन्होंने लोगों से इलाके में शांति बनाए रखने की अपील की थी। इसके बाद शुक्रवार दोपहर को भी काजीपाड़ा इलाके में अज्ञात लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया था और लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठियों का इस्तेमाल करना पड़ा और पथराव में कम-से-कम तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। गुरुवार से अब तक हिंसा के सिलसिले में करीब ५० लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बिहार हिंसा में १०९ गिरफ्तार
बिहार में रामनवमी की हिंसा में अब तक १०९ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बिहार के डीजीपी आर.एस. भाटी ने बताया कि सासाराम और बिहार शरीफ हिंसा मामले में कुल १०९ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। सासाराम में कुछ लोग बम से जख्मी हुए थे। बम तब ब्लास्ट हुआ, जब वो लोग उसे बना रहे थे।