मुख्यपृष्ठनए समाचारघर होंगे महंगे!... २०२४ में कीमतों में होगी ५.५ प्रतिशत की बढ़ोतरी

घर होंगे महंगे!… २०२४ में कीमतों में होगी ५.५ प्रतिशत की बढ़ोतरी

सामना संवाददाता / मुंबई

हर बीतते साल के साथ आनेवाले समय में प्रॉपर्टी के दाम आसमान छू रहे हैं। मुंबई में २०२३ के पहले ११ महीनों में १.१४ लाख संपत्ति रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए, जो एक दशक में सबसे अधिक है। यह आंकड़ा साल-दर-साल १२२ प्रतिशत की बढ़त को दर्शाता है। २०२४ में प्रॉपर्टी की कीमतों में ५.५ प्रतिशत की बढ़ोतरी होने की उम्मीद की जा रही है।
प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में साल-दर-साल १० प्रतिशत की वृद्धि और २०२३ में स्टांप रेवेन्यू पहली बार १०,००० करोड़ रुपए से अधिक होने की उम्मीद है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रजिस्टर्ड प्रॉपर्टी में से ७५ प्रतिशत से अधिक सेंट्रल और वेस्टर्न सबअर्बन में हैं, जबकि वहीं कांदिवली, कांजुरमार्ग, मुलुंड और विक्रोली मार्केट के रूप में उभर रहे हैं।
२०२४ में प्रॉपर्टी की कीमतों में हो सकती है बढ़ोतरी
नाइट फ्रैंक इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल के अनुसार, ‘२०२३ के दौरान प्रॉपर्टी की कीमतों में सालाना आधार पर ६.५ प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद मुंबई में २०२४ में प्रॉपर्टी की कीमतों में ५.५ प्रतिशत की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।’ २०२२ में १,१२,६६८ यूनिट की बिक्री हुई, जिसमें साल दर साल १० प्रतिशत की बढ़ोतरी हो रही है, जबकि नवंबर तक ११ महीनों में अनुमानित रजिस्ट्रेशन १,१४,४६४ यूनिट तक पहुंच गया है। स्टांप रेवेन्यू भी २०२१ में ५,३५२ करोड़ रुपए से बढ़कर २०२२ में ८,०६६ करोड़ रुपए और नवंबर २०२३ तक ९,९२२ करोड़ रुपए हो गया, जो दर्शाता है कि यह पहली बार १०,००० करोड़ रुपए को पार कर जाएगा।
२०२३ में रजिस्ट्रेशन और रेवेन्यू गिरावट
हालांकि, नवंबर २०२३ में रजिस्ट्रेशन और रेवेन्यू दोनों में गिरावट देखी गई। त्योहारी सीजन होने के बावजूद, इस महीने में मुंबई शहर में लगभग ९,५४८ यूनिट प्रॉपर्टी का बिक्री रजिस्ट्रेशन हुआ है, जबकि अक्टूबर में यह १०,६०७ यूनिट था। स्टांप रेवेन्यू जो अक्टूबर में ८३५ करोड़ रुपए था, वह घटकर नवंबर में ६९७ करोड़ रुपए हो गया। नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रनवे ग्रुप की बिक्री, विपणन और सीआरएम प्रमुख लुसी रॉय चौधरी ने कहा कि नवीनतम सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि नवंबर २०२३ में मुंबई में ९,५०० से अधिक घर बेचे गए हैं।

अन्य समाचार