मुख्यपृष्ठनए समाचारमैं बीजेपी की हूं, बीजेपी मेरी थोड़ी है!- पंकजा मुंडे

मैं बीजेपी की हूं, बीजेपी मेरी थोड़ी है!- पंकजा मुंडे

सामना संवाददाता / मुंबई
भारतीय जनता पार्टी की नेता और मध्य प्रदेश की प्रभारी पंकजा मुंडे बुधवार को दिल्ली में राष्ट्रीय समाज पार्टी के समारोह में शामिल हुर्इं। इस कार्यक्रम में पंकजा मुंडे ने अपना दर्द साझा किया। उन्होंने कहा कि ‘लोग भारतीय जनता पार्टी को मेरी पार्टी कहते हैं। हालांकि, मैं भाजपा से हूं लेकिन बीजेपी मेरी थोड़ी है।’
राजनीतिक दृष्टि से दरकिनार की गई भाजपा से पंकजा मुंडे नाराज हैं। इसके साथ ही उनकी बहन सांसद प्रीतम मुंडे का लोकसभा का टिकट काटा जाएगा। इसकी चर्चा राजनीतिक गलियारे में जोर-शोर से शुरू है। इस पृष्ठभूमि पर भाजपा में शुरू राजनीति से घुटन महसूस कर रही पंकजा मुंडे ने दिल्ली में अपनी स्पष्ट भूमिका रखकर रास्ता साफ कर दिया है।
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के राजनीतिक प्रतिस्पर्धी माने जाने वाले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की प्रमुख उपस्थिति में कल अहिल्याबाई होलकर की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय समाज पार्टी के अध्यक्ष महादेव जानकर ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया था, जहां फडणवीस विरोधी सभी नेता एकत्र दिखाई दिए। आपकी भाजपा यह जनहितकारी पार्टी नहीं है, ऐसी टिप्पणी जानकर ने की थी, जिस पर पंकजा ने कहा कि भाजपा मेरी पार्टी नहीं, मैं भाजपा की हूं, ऐसा कहते हुए भाजपा बड़ी पार्टी है औक पिता से विवाद (भाजपा) होने पर मैं अपने भाई के घर (रासप) जा सकती हूं, ऐसा कहकर उन्होंने राजनीतिक भूकंप का स्पष्ट संकेत दिया है।
प्रीतम मुंडे पहलवानों के साथ
पंकजा के भाषण से पहले सांसद प्रीतम मुंडे ने महिला पहलवानों की बात सरकार को सुननी चाहिए थी, ऐसा कहकर भाजपा को कटघरे में ला दिया है। राजनीतिक दृष्टि से पंकजा मुंडे को दरकिनार किए जाने के बाद बीड़ से प्रीतम मुंडे का लोकसभा का टिकट काटकर जयदत्त क्षीरसागर को उम्मीदवारी दिए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इससे मुंडे की बहन भाजपा में असहज महसूस कर रही हैं। ऐसे में अन्य पार्टियों में भूकंप लानेवाली भाजपा में बड़ा राजनीतिक भूकंप आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। ‘पंकजा मुंडे को अवश्य न्याय मिलेगा’
विधान परिषद विरोधी दल नेता अंबादास दानवे ने कहा कि पंकजा मुंडे ने जो बयां किया है, वह केवल पंकजा ताई की नहीं, बल्कि महाराष्ट्र सहित देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नेताओं की दबी हुई भावना है। उनकी भावनाओं को पंकजा ताई ने प्रस्तुत किया है। भाजपा में भारी पैमाने पर व्यवसायीकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि एक दिन पंकजा ताई को न्याय अवश्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि गोपीनाथ मुंडे को भी मराठवाड़ा और महाराष्ट्र में भाजपा का नेतृत्व करते समय ऐसी ही कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। उसकी तुलना में पंकजा ताई को कोई दिक्कत नहीं है। ऐसी ही परेशानी गोपीनाथ मुंडे को भी हुई थी। पंकजा ताई का एक दिन अवश्य आएगा, ऐसा विश्वास दानवे ने व्यक्त किया है।

अन्य समाचार

फेक आलिया