मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंह की सफाई को करते हैं नजरंदाज, तो होंगे बीमारी के शिकार! 

मुंह की सफाई को करते हैं नजरंदाज, तो होंगे बीमारी के शिकार! 

• गवर्नमेंट डेंटल अस्पताल की अपील
• मुख को रखें साफ सुथरा
समाना संवाददाता / मुंबई
मुंह की स्वच्छता एक ऐसी चीज है, जिसे हम सब अपने दैनिक जीवन में बुरी तरह से नजरअंदाज करते हैं और बहुत कम महत्व देते हैं, जबकि यह हमारी समग्र स्वच्छता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी स्थिति में हम कई बीमारियों को बुलावा देते हैं। वहीं इसके प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने के लिए कल देश भर में ओरल हाइजीन डे मनाया गया। इसी के तहत मुंबई के गवर्नमेंट डेंटल अस्पताल में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, ताकि ओरल हाइजीन की अहमियत के बारे में लोगों का ध्यान आकर्षित किया जा सके। इस बीच अस्पताल प्रशासन ने अपील की है कि लोग अपने मुख को हमेशा साफ सुथरा रखें, ताकि बीमारियों से बचा जा सके।

उल्लेखनीय है कि देशभर में एक अगस्त को डॉ. गोविंद बी. शंक्वलकर की स्मृति में ओरल हाइजीन डे के रूप में मनाया जाता है। डॉ. शंक्वलकर इंडियन सोसाइटी ऑफ पीरियोडोंटोलॉजी के संस्थापक और अमेरिकन एकेडमी ऑफ पीरियोडोंटोलॉजीr के सदस्य थे। उन्होंने मुंबई के सरकारी डेंटल अस्पताल में १५ वर्षों तक प्रोफेसर और ६ वर्षों तक डीन के रूप में कार्य किया। उनकी याद में मुंबई के गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज के पीरियोडोंटोलॉजी विभाग की ओर से हर साल ओरल हाइजीन डे बड़े उत्साह से मनाया जाता है। इस दिन आम जनता के बीच ओरल हाइजीन के महत्व को समझने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस अवसर पर मुंबई के गवर्नमेंट डेंटल अस्पताल को पिछले ८ वर्षों से प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है।

आयोजित किए गए कई कार्यक्रम
इस वर्ष भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर ओरल हाइजीन डे बड़े उत्साह के साथ मनाया गया है। कार्यक्रमों का उद्घाटन चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त राजीव निवतकर ने किया। साथ ही ओरल हेल्थ मिशन के ब्रांड एंबेसडर सचिन तेंदुलकर की तस्वीर वाले ओरल हेल्थ पोस्टर का उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों द्वारा अनावरण किया गया। प्रथम वर्ष के प्री-डेंटल छात्रों के साथ-साथ नर्सिंग छात्रों ने नृत्य और नाटक के माध्यम से जागरूकता संदेश दिया।  मरीजों के लिए ओरल हाइजीन के महत्व पर प्रकाश डालने वाले पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए।

स्कूली बच्चों के मुंह की हुई जांच
पीरियोडोंटोलॉजी विभाग और सामाजिक दंत चिकित्सा विभाग ने मुंबई के विभिन्न स्कूलों में दंत चिकित्सा जांच शिविरों का आयोजन किया। इसके तहत करीब १००० स्कूली बच्चों की जांच की गई। कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के निदेशक डॉ. अजय साहेबराव चंदनवाले, संयुक्त निदेशक (दंत चिकित्सा) डॉ. विवेक पाखमोड़े और गवर्नमेंट डेंटल अस्पताल की प्रभारी डीन डॉ. ज्योति टेंभुर्णे आदि उपस्थित थे।

अन्य समाचार

पहला कदम