सामना संवाददाता / ठाणे
मत्स्य विभाग को सूचना मिली थी कि भिवंडी के कुंभारशिव स्थित वन विभाग परिसर में अवैध रूप से मांगुर मछलियों का पालन किया जा रहा है। मिली सूचना के आधार पर मत्स्य विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए पड़घा स्थित २८ में से ३ तालाबों में मिले ३ टन अवैध मांगुर मछलियों को वैज्ञानिक तरीके से मौत दी गई। साथ ही मत्स्य विभाग ने बताया कि पडघा पुलिस स्टेशन में ३ मजदूरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ठाणे कलेक्टर अशोक शिंगारे की जांच में पाया गया था कि ठाणे जिले के भिवंडी तालुका के कुंभारशिव में वन विभाग के क्षेत्र में मांगुर मछली का पालन किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने यह जानकारी मत्स्य विभाग को दी। जिलाधिकारी द्वारा मिली जानकारी के आधार पर मत्स्य विभाग ने पडघा मंडल पदाधिकारी के साथ मिलकर पुलिस व्यवस्था में कार्रवाई की। इस कार्रवाई में २८ में से ३ तालाबों में अवैध रूप से मांगुर मछलियों के ३ टन स्टॉक को जप्त कर वैज्ञानिक पद्धति से नष्ट कर दिया गया। मत्स्य विभाग ने बताया कि तालाब पर मौजूद तीन मजदूरों के खिलाफ पडघा पुलिस स्टेशन में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। राष्ट्रीय हरित मध्यस्थ के आदेशानुसार तालाब में मांगुर मछली का पालन करना और बेचना गैरकानूनी है।