मुख्यपृष्ठनए समाचारज्यादा सवारियों को बैठाने वाले रिक्शाचालकों पर कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति...

ज्यादा सवारियों को बैठाने वाले रिक्शाचालकों पर कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति …रिक्शे में आज भी ५ से ६ यात्री बैठकर करते हैं सफर

राधेश्याम सिंह / वसई-विरार
नालासोपारा स्टेशन रोड से मुंबई अहमदाबाद राष्ट्रीय महामार्ग तक आज भी बड़े पैमाने पर रिक्शे में ओवरलोड सवारियों को बैठाकर जान जोखिम में डाली जा रही है। यहां आज भी यात्री रिक्शेवालों की मनमानी के चलते जान जोखिम में डालकर सफर करने के लिए मजबूर हैं। हैरानी की बात यह है कि रिक्शावाले पुलिस और पुलिस स्टेशन के सामने से ५ से ६ यात्रियों को भरकर गुजरते हैं, लेकिन उनके ऊपर पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की जाती है। यही कारण है कि क्षेत्र में रिक्शे में ओवरलोडिंग सवारियां ढोने का सिलसिला लंबे समय से चल रहा है। वहीं समाजसेवक शंभु गुप्ता का कहना है कि यहां रिक्शे में ५ से ६ सवारियों को बैठकर ले जाया जाता है, यदि कोई हादसा हो जाता है तो एक साथ ५ से ६ लोगों के जान का खतरा हो सकता है।
लंबे समय से चल रहा यह खेल
वसई-विरार शहर में वर्षों से रिक्शेवालों की मनमानी चल रही है, जिसके चलते यात्री अपनी जान को खतरे में डालकर रिक्शे में यात्रा करने के लिए मजबूर हैं। वहीं वसई विरार में रिक्शे वाले मनमाने ढंग से सवारियों से अधिक किराया वसूल कर रहे हैं। नालासोपारा-पूर्व के अलकापुरी, अचोले रोड, सेंट्रल पार्क, नगीनदास पाड़ा, मोरेगांव, वसई-पूर्व के वालीव, सातिवली, वालीव से वसई फाटा आदि क्षेत्रों में वर्षों से ऑटोरिक्शा वाले मनमानी करते हैं।
कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति
वसई में वर्षों से ओवरलोड रिक्शे चल रहे हैं। शिकायत करने पर कार्रवाई के नाम पर यातायात पुलिस खानापूर्ति कर इन्हें छोड़ देती है। जब इस बात की जानकारी अधिकारियों को दी जाती है, तो वे इन रिक्शेवालों पर कार्रवाई करने के आदेश तो देते हैं, किंतु छोटे पुलिसकर्मी अधिकारियों की बात अनसुनी कर देते हैं और कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति करते हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा हाल ही में ओवरलोड रिक्शे वालों पर कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया। साथ ही वर्ष २०१९ से २०२४ अब तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले १ लाख से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई करके करोड़ों का जुर्माना वसूला गया।

रिक्शा वाले रात में करते हैं अधिक परेशान
रात के समय नौकरी से घर पर जाने वाले नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रिक्शेवालों की मनमानी इतनी बढ़ जाती है कि मनमाने ढंग से किराया वसूल करते हैं। ये लोग अधिकतर रात के समय ड्यूटी से वापस घर जाने वाले नागरिकों को अधिक परेशान करते हैं। रात के समय भी ये रिक्शे वाले ५ से ६ सवारियां भर लेते हैं।
-चंदन राजकुमार विश्वकर्मा, नागरिक, नालासोपारा
लोग लटककर जाने के लिए हैं मजबूर
रात के समय में बस बंद होने के कारण हमें मजबूरन रिक्शचालकों के बगल में बैठकर जाना पड़ता है। यदि उनके बगल में बैठकर न जाओ तो हमें आधे से एक घंटे तक और इंतजार करना पड़ता है, वहीं इन रिक्शे वालों की मनमानी के चलते हमें जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है।
-बच्चेलाल कन्नौजिया, नागरिक, नालासोपारा
जारी है कार्रवाई
ट्रैफिक पुलिस ने ५ से ६ ओवरसीट सवारियां बैठाकर रिक्शा चलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई किया जा रहा है, वहीं तीन सीट से ज्यादा यात्रियों को रिक्शा में बैठाकर आने-जाने वाले रिक्शाचालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
-विनोद जाधव, सहायक पुलिस निरीक्षक (यातायात विभाग)

अन्य समाचार