सामना संवाददाता / नई दिल्ली
सेना का एक मानवरहित यान शुक्रवार सुबह नियंत्रण से बाहर होकर पाकिस्तानी सीमा में पहुंच गया। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण ऐसा हुआ। सूत्रों के अनुसार, जब भारतीय सेना को पता चला कि यह यूएवी पाकिस्तानी सैनिकों के पास है तो सेना ने पाकिस्तानी सेना को हॉटलाइन से संदेश भेजकर उसे वापस लौटाने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक, यह यान भारतीय सीमा में प्रशिक्षण उड़ान पर था मगर सुबह ९ बजकर २५ मिनट पर तकनीकी खराबी के कारण यह नियंत्रण से बाहर हो गया। यह भारत के भीम्बर गली सेक्टर के सामने पाकिस्तान के निकियाल सेक्टर में चला गया।
रिपोर्टों के जरिए जब सेना को पता चला कि यान पाकिस्तानी सीमा में पाकिस्तानी सैनिकों के पास है तो उसने हॉटलाइन से संदेश भेजा। इसमें कहा गया कि यूएवी को लौटा दिया जाए। पाकिस्तान की ओर से इसका क्या जवाब आया है, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल सकी है, वहीं जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में गुरुवार की शाम नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय सीमा में प्रवेश करनेवाले एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उसे सुरक्षा बलों ने नियंत्रण रेखा पर चाकन दा बाग के पास से पकड़ा। अजहर नाम के इस घुसपैठिए से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर वह किस मकसद से भारत में घुसपैठ की फिराक में था।