मुख्यपृष्ठस्तंभअंतर्वेग : वो बन गया ड्रैकुला!

अंतर्वेग : वो बन गया ड्रैकुला!

 

जितेंद्र मल्लाह

लोगों में विवाहेत्तर संबंधों का बढ़ता फैशन अपराध बढ़ा रहा है। देश दुनिया के किसी न किसी हिस्से से लगभग रोज ही ऐसे संबंधों के कारण हत्या या खुदकुशी की खबरें प्रकाश में आती रहती हैं। नाजायज `प्रेम’ संबंधों का भविष्य भयंकर होता है, ये जानने के बाद भी लोग कीट पतंगों की तरह इस आग में जलने से बाज नहीं आते हैं। रविवार को आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में प्रेमी संग पहुंची विवाहिता को उसके पति और ससुराली जनों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। होटल से बाहर निकलते ही पति सड़क पर उन दोनों को पीटने लगा। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस दोनों पक्ष को थाने ले आई। दंपती के रिश्तेदारों ने पुलिस को बताया कि दोनों की शादी छह वर्ष पहले हुई है। लेकिन बाद में महिला का प्रेम संबंध अन्य युवक से हो गया। हालांकि दो महीने पहले पति-पत्नी में राजीनामा हुआ था। पत्नी ने वादा किया था कि वह प्रेमी से नहीं मिलेगी। लेकिन बाद में पत्नी ने पति के विरुद्ध न्यायालय में वाद डाल दिया और प्रेमी से मिलने लगी। इस मामले में तो प्रभारी निरीक्षक थाना ट्रांस यमुना आनंद प्रकाश ने दोनों पक्षों को समझा कर फिलहाल मामला शांत करा दिया है। लेकिन कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर में बीवी की बेवफाई से आहत एक शख्स ड्रैकुला (हॉरर फिल्म का एक पात्र जो इंसानी खून पीता था) बन गया। उसने अपनी पत्नी के प्रेमी की न सिर्फ गला काटकर हत्या कर दी, बल्कि वारदात को अंजाम देने के बाद मृतक का खून भी पीया। इस दौरान आरोपी के दोस्त ने वारदात का पूरा वीडियो बना लिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी हुई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। यह घटना चिक्काबल्लापुरा जिले के चिंतामणि तालुका में हुई। आरोपी को अपनी पत्नी और (मृत) युवक के बीच अवैध संबंध का शक था। कहा जा रहा है कि घटना के दौरान आरोपी की पत्नी भी वहां मौजूद थी।

`मंत्र’ जाल!
विज्ञान की बदौलत आज इंसान चंद्रमा, मंगल, शनि, बृहस्पति, सूर्य आदि की लंबाई-चौड़ाई,ऊंचाई-गहराई नापने के करीब पहुंच गया है। लेकिन इन सब के बावजूद हिंदुस्थान में तंत्र-मंत्र का झांसा देकर कुछ लोग भोले-भाले लोगों को फंसा रहे हैं और अपना उल्लू साध रहे हैं। मंत्रों, गंडे-ताबीजों से बीमारी और अपनी समस्याओं के समाधान के चक्कर में लोग खुद ही `मंत्र’ जाल में फंस रहे हैं। ढोंगी बाबा, बुआ, ओझा, तांत्रिक काले जादू का झांसा देकर लोगों से पैसे तो ऐंठते ही हैं कई बार उनकी इज्जत और जान भी ले लेते हैं। ऐसे ही दो मामले बिहार से सामने आए हैं। पहले मामले में कैमूर जिले के भभुआ थाना में एक पति अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंचा। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के परेवा गांव के निवासी युवक का आरोप है कि दिसंबर २०२० में उसकी शादी हुई थी। शादी के एक माह बाद ही तबीयत खराब होने पर पत्नी मायके चली आई। उसका झाड़-फूंक एक ओझा द्वारा किया जा रहा था, लेकिन ओझा झाड़-फूंक करते-करते पीड़ित की पत्नी को ही लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी अपने साथ अपने आभूषण भी लेकर गई है। बिहार के शेखपुरा में अरियरी के कसार सहायक थाना क्षेत्र के बरसा गांव के गरीबन बीघा टोला में एक कथित तांत्रिक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

अन्य समाचार