मुख्यपृष्ठनए समाचारमूसलाधार होगी बरसात! ...मुंबई-ठाणे में आज अलर्ट

मूसलाधार होगी बरसात! …मुंबई-ठाणे में आज अलर्ट

• मौसम विभाग की चेतावनी
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई समेत कोकण में शनिवार से शुरू हुई बारिश लगातार सोमवार तक जारी रही। इसी बीच मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मंगलवार यानी २७ जून को मुंबई, ठाणे, पालघर और रत्नागिरी में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इतना ही नहीं कोकण समेत पुणे और विदर्भ में भी मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को पश्चिम महाराष्ट्र और विदर्भ में सक्रिय हुए मानसून के राज्य भर में पहुंचने की सुखद जानकारी दी थी। इस सुखद जानकारी को देते समय २६, २७ और २८ जून यानी तीन दिनों तक मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी दी गई है। सोमवार को मुंबई समेत कोकण में दिनभर बारिश जारी रही। मुंबई में बीते २४ घंटों के दौरान कुलाबा में १७३.४ मीमी, जबकि सांता़क्रूज में २५३.१ मिमी बारिश दर्ज की गई। इस बीच २८ जून को पालघर और रायगड में भारी बारिश, जबकि मुंबई ठाणे रत्नागिरी में मूसलाधार बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है।
• राज्य में मंगलवार से बारिश जोर पकड़ेगी। पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगड पुणे, रत्नागिरी, अमरावती और गोंदिया जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
• इसके साथ ही सातारा सिंधुदुर्ग नासिक, नंदुरबार, चंद्रपुर और गोंदिया जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मराठवाड़ा, उत्तर महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर सामान्य बारिश होगी।
१७ स्थानों पर गिरे पेड़
मुंबई में कल १७ स्थानों पर पेड़ और उनकी टहनियां गिरी हैं। शहर में दो, उपनगर में ६, जबकि पश्चिम उपनगर में ९ स्थानों पर पेड़ और उनकी टहनियां गिरी हैं। इसके अलावा मुंबई में तीन स्थानों पर शार्ट सर्किट के चलते आग लगने की घटनाएं हुई हैं, जिसमें शहर में एक, जबकि पूर्व नगर में दो घटनाएं घटित हुर्इं।

अन्य समाचार