एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी और रणवीर सिंह की `८३’ जैसी क्रिकेटरों पर बेस्ड बायोपिक के बाद अब बॉलीवुड में एक बार फिर क्रिकेट पर फिल्म आ रही है। फिल्म का नाम है `घूमर’ और ये एक ऐसी लड़की की कहानी बयां करेगी, जिसके पास एक ही हाथ है पर जज्बा दो हाथ वाली गेंदबाजों से भी ज्यादा है। फिल्म में अभिषेक बच्चन कोच की भूमिका में हैं, जबकि लीड रोल में सैयामी खेर हैं। इसमें अंगद बेदी और शबाना आजमी जैसे कलाकार भी नजर आने वाले हैं। टीजर में अभिषेक की आवाज में दमदार डायलॉग सुनाई दे रहा है। अभिषेक कहते हैं, ‘लॉजिकली एक हाथ से कोई खेल सकता है…नहीं…लेकिन ये लाइफ न, लॉजिक का खेल नहीं है, मैजिक का खेल है, मैजिक।’ टीजर में अभिषेक और सैयामी की झलक दिखाई गई है। सैयामी सफेद रंग की यूनिफॉर्म पहने और लाल गेंद हाथ में लिए नजर आ रही हैं। पर उनके पास सिर्फ एक हाथ है। दूसरा कोहनी तक ही है। टीजर में उन्हें गेंदबाजी करते तो नहीं दिखाया गया है पर उनकी गेंदें स्टंप्स जरूर उड़ाती दिख रही हैं।